विश्व साइकिल दिवस पर उदयपुर पुलिस की साईकिल रैली
Udaipur Times, 8 जून 2026। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर रविवार को उदयपुर पुलिस द्वारा "संडेज ऑन साइकिल" अभियान के तहत भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य फिट इंडिया मूवमेंट को बढ़ावा देना, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा पर्यावरण संरक्षण और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा/मुख्यालय अंजना सुखवाल के नेतृत्व में यह विशेष अभियान आयोजित किया गया।
रविवार सुबह 6:30 बजे से 7:30 बजे तक आयोजित साइकिल रैली शहर के काला किवाड़ क्षेत्र से शुरू होकर संजय गार्डन पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में पुलिस अधिकारियों, जवानों, स्मार्ट सिटी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, विभिन्न एनजीओ प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में आमजन ने भाग लिया।
अभियान के दौरान स्वस्थ शरीर, सुरक्षित समाज और स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से नियमित व्यायाम, साइकिलिंग और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने की अपील की।
इसी क्रम में जिले के ग्रामीण थाना क्षेत्रों में भी "संडेज ऑन साइकिल" अभियान का आयोजन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रमों में थानाधिकारी, पुलिस कार्मिक, पुलिस मित्र, ग्राम रक्षक, सीएलजी सदस्य, यूथ सीएलजी, सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
