उदयपुर के सायरा में सड़क पर दिखा लेपर्ड, युवकों ने बनाया वीडियो; बोले- 'शेरू भैया कैसे हो'
Udaipur Times, Udaipur News: सायरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात सड़क पर लेपर्ड घूमता दिखाई देने से लोगों में हलचल मच गई। नांदेशमा-ढोल मार्ग पर चामुंडा माता मंदिर के पास लेपर्ड कुछ देर सड़क पर टहलता रहा। इसी दौरान वहां से गुजर रहे दो युवकों ने अपनी गाड़ी के अंदर से उसका वीडियो बना लिया। युवकों ने मजाक में लेपर्ड से बातचीत भी की।
जानकारी के अनुसार नांदेशमा निवासी कृष्ण गोपाल पालीवाल और सेमटाल निवासी योगेश पालीवाल शुक्रवार रात क्रेन लेकर नांदेशमा-ढोल मार्ग पर जा रहे थे। दोनों खाई में गिरी एक कार को निकालने के लिए निकले थे। इसी दौरान चामुंडा माता मंदिर के पास अचानक उन्हें सड़क पर लेपर्ड दिखाई दिया।
लेपर्ड कुछ देर तक सड़क पर टहलता रहा। सामने वाहन और लोगों को देखकर वह सड़क किनारे बनी एक दीवार पर चढ़कर बैठ गया। लेपर्ड को अचानक सामने देखकर दोनों युवक पहले घबरा गए, लेकिन बाद में उन्होंने गाड़ी के अंदर से उसका वीडियो बनाना शुरू कर दिया।
वीडियो बनाते समय युवकों ने मजाकिया अंदाज में लेपर्ड से कहा, "और शेरू भैया कैसे हो, तबीयत-पानी कैसी है, बहुत दिनों बाद दर्शन हुए हैं, आराम से सो जाओ।"
नजदीक जाने पर हमले का डर
युवकों ने बताया कि लेपर्ड को करीब से देखकर उन्हें डर भी लगा कि कहीं वह अचानक हमला न कर दे। इसके बावजूद उन्होंने गाड़ी के अंदर से वीडियो रिकॉर्ड किया। जिस स्थान पर लेपर्ड दिखाई दिया, वह आबादी क्षेत्र के नजदीक ही है।
हालांकि लेपर्ड ने किसी तरह की आक्रामकता नहीं दिखाई। कुछ देर तक दीवार पर बैठने के बाद वह दीवार फांदकर जंगल की ओर चला गया। घटना के दौरान किसी तरह की जनहानि या नुकसान की सूचना नहीं है।
