उदयपुर की श्वेता गोड बनीं LNIPE ग्वालियर में बॉक्सिंग कोच
Udaipur Times, Sports News: उदयपुर की प्रतिभाशाली महिला मुक्केबाज एवं प्रशिक्षक श्वेता गोड को देश के प्रतिष्ठित लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान (LNIPE), ग्वालियर में मुक्केबाजी प्रशिक्षक नियुक्त किया गया है। यह उपलब्धि उदयपुर एवं राजस्थान की महिला मुक्केबाजी के लिए गौरव का विषय है।
इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. दीपेंद्र जसकरण सिंह चौहान ने बताया कि श्वेता गोड सुखाड़िया विश्वविद्यालय की महिला मुक्केबाजी टीम की पूर्व कप्तान तथा राजस्थान राज्य सीनियर महिला मुक्केबाजी प्रतियोगिता की रजत पदक विजेता रही हैं।
वे वरिष्ठ मुक्केबाजी प्रशिक्षक वर्धमान सिंह नरूका की प्रशिक्षु रही हैं। उन्होंने राष्ट्रीय खेल संस्थान, पटियाला से मुक्केबाजी प्रशिक्षण का प्रमाणपत्र तथा एलएनआईपीई, ग्वालियर से डिप्लोमा प्राप्त किया है।
श्वेता गोड विगत वर्षों में मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय की महिला मुक्केबाजी टीम को भी प्रशिक्षण दे चुकी हैं। उनकी नियुक्ति से प्रदेश की युवा महिला मुक्केबाजों को नई प्रेरणा मिलेगी तथा राष्ट्रीय स्तर पर उदयपुर की मुक्केबाजी परंपरा को और अधिक पहचान प्राप्त होगी।
