अचानक तबीयत बिगड़ने से उदयपुर के अंबामाता थानाधिकारी दलपत सिंह का निधन
Udaipur Times, Ambamata SHO Death: उदयपुर शहर के अंबामाता थानाधिकारी दलपत सिंह राठौड़ (50) का बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उपचार के दौरान निधन हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
जानकारी के अनुसार दलपत सिंह सुबह ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। रास्ते में उन्हें सीने में तेज दर्द महसूस हुआ, जिसके बाद उन्होंने हाथीपोल थानाधिकारी राजू देवी को फोन कर तबीयत खराब होने की सूचना दी। मौके पर पुलिसकर्मी और चिकित्सक पहुंचे तथा उन्हें तुरंत एमबी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने काफी देर तक CPR देकर उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
दलपत सिंह पिछले करीब छह माह से अंबामाता थाने में थानाधिकारी के पद पर कार्यरत थे। इससे पहले वे खेरवाड़ा सहित उदयपुर जिले के कई थानों में अपनी सेवाएं दे चुके थे। वे मूल रूप से भीलवाड़ा जिले के निवासी थे।
मृतक अपने पीछे दो पुत्र छोड़ गए हैं। बड़े बेटे मयंक राज सिंह (24) और छोटे बेटे पुष्पेंद्र सिंह (22) का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाधिकारी दलपत सिंह के निधन की खबर से उदयपुर पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
