हरियाणा में UIDAI ने 17 आधार सेवा केंद्र किए स्थापित, जाने कहां-कहां मिलेगी आधार से जुड़ी सभी सुविधाएं ?

 | 
हरियाणा में UIDAI ने 17 आधार सेवा केंद्र किए स्थापित, जाने कहां-कहां मिलेगी आधार से जुड़ी सभी सुविधाएं ?

Udaipur Times, Haryana news : भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्रीय कार्यालय, चंडीगढ़ द्वारा हरियाणा के नागरिकों को आधार सेवाएं सुगमता से उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से प्रदेश में 17 आधार सेवा केंद्र (ASK) संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जिलों और आसपास के क्षेत्रों के निवासियों को आधार से संबंधित सेवाएं उनके नजदीक ही उपलब्ध हो रही हैं। इससे नागरिकों को सामान्य आधार संबंधी कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से UIDAI के क्षेत्रीय कार्यालय, चंडीगढ़ तक आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

UIDAI द्वारा स्थापित ये आधार सेवा केंद्र हिसार, गुरुग्राम, सोनीपत, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, फतेहाबाद, सिरसा, कैथल, भिवानी, पानीपत, मेवात (नूंह), जींद, झज्जर, करनाल, रोहतक और पलवल में स्थित हैं। इन केंद्रों का उद्देश्य नागरिकों को आधार सेवाओं के लिए अतिरिक्त सुविधा और आसान पहुंच उपलब्ध करवाना है। नागरिक अपने निवास स्थान के नजदीक स्थित आधार सेवा केंद्र पर जाकर सुविधानुसार सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। ये केंद्र पहले से संचालित अन्य आधार नामांकन एवं अपडेट केंद्रों के अतिरिक्त सुविधा केंद्र के रूप में कार्य कर रहे हैं।

हिसार का आधार सेवा केंद्र SCO-43, प्रथम तल, सेक्टर-13, मेन पार्किंग, तोशाम रोड, डाबचौक के नजदीक स्थित है। गुरुग्राम में यह प्लॉट नंबर 804, प्रथम तल, चक्करपुर मेन मार्केट रोड, सरस्वती विहार, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में है। सोनीपत में U-38, ओल्ड महावीर कॉलोनी, पुरखास रोड, HP पेट्रोल पंप के नजदीक, यमुनानगर में SCO नंबर 3/4, आनंद कॉलोनी, गाबा अस्पताल के नजदीक, अंबाला में SCO-19, हुडा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, सेक्टर-9 तथा कुरुक्षेत्र में SCO-94, सेक्टर-17, हुडा में आधार सेवा केंद्र संचालित हैं।

इसी प्रकार फतेहाबाद में स्ट्रीट नंबर-3, सूर्या एन्क्लेव, बैंक ऑफ महाराष्ट्र के नजदीक, सिरसा में ओल्ड कोर्ट कॉलोनी, ट्रैफिक थाने के सामने, कैथल में मध्य मार्ग, नेहरू गार्डन कॉलोनी, गली नंबर-8 के नजदीक, भिवानी में SCO-3, हुडा मार्केट तथा पानीपत में जाटल रोड, संजय चौक के नजदीक आधार सेवा केंद्र स्थित हैं। नूंह (मेवात) में दिल्ली-अलवर रोड, बालाजी पेट्रोल पंप के सामने, हिदायत कॉलोनी, जींद में SCO-191, डिस्ट्रिक्ट शॉपिंग सेंटर, LIC कार्यालय एवं जिला न्यायालय के नजदीक, झज्जर में रोहतक रोड, भगत सिंह चौक के नजदीक, करनाल में SCO-40, सेक्टर-6 मेन मार्केट रोड, रोहतक में पैसिफिक सिटी सेंटर, जाट भवन के नजदीक तथा पलवल में सिविल लाइंस कॉलोनी, मथुरा रोड पर आधार सेवा केंद्र उपलब्ध हैं।

प्रवक्ता ने बताया कि इन केंद्रों पर नागरिकों को नया आधार नामांकन करवाने, नाम, पता, जन्मतिथि और लिंग जैसे जनसांख्यिकीय विवरणों में संशोधन, बायोमेट्रिक अपडेट तथा UIDAI के दिशा-निर्देशों के अनुसार अन्य आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध करवाई जाती हैं। नया आधार बनवाने की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क है, जबकि अन्य सेवाओं के लिए, जहां लागू हो, UIDAI द्वारा निर्धारित शुल्क लिया जाता है।

ये आधार सेवा केंद्र सभी आयु वर्गों के नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तैयार किए गए हैं। इनमें बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए भी सुलभ, समावेशी एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध करवाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। इससे प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले नागरिकों को आधार संबंधी कार्य करवाने के लिए अधिक सुविधाजनक विकल्प मिल रहे हैं।

UIDAI के क्षेत्रीय कार्यालय, चंडीगढ़ में किसी विशेष कार्य के लिए जाने वाले नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा से 10 से 15 दिन पहले ऑनलाइन अपॉइंटमेंट अवश्य बुक कर लें। इसके लिए UIDAI के अपॉइंटमेंट पोर्टल https://sewa.uidai.gov.in पर जाकर अग्रिम समय लिया जा सकता है। इससे नागरिक अपनी यात्रा की बेहतर योजना बना सकेंगे और कार्यालय में व्यवस्थित तरीके से सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।

UIDAI के क्षेत्रीय कार्यालय, चंडीगढ़ की इस पहल का उद्देश्य नागरिक-केंद्रित सेवाओं को बढ़ावा देना, आधार सुविधाओं की पहुंच आसान बनाना और आमजन का समय एवं अनावश्यक यात्रा बचाना है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News