SIR 2026 के तहत 22 व 23 अगस्त और 29 व 30 अगस्त को होगा विशेष अभियान,सभी BLO करेंगे ये काम...

 | 
SIR 2026 के तहत 22 व 23 अगस्त और 29 व 30 अगस्त को होगा विशेष अभियान,सभी BLO करेंगे ये काम...

Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : भारत निर्वाचन आयोग द्वारा हरियाणा में चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत मतदाताओं की सुविधा के लिए 22–23 अगस्त व 29–30 अगस्त को विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा। इन तिथियों पर राज्य के सभी बीएलओ सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे तथा पात्र मतदाताओं से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।

हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री ए. श्रीनिवास ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रारंभिक मतदाता सूची में अपना व अपने परिवार के पात्र सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है तो फॉर्म-6 के माध्यम से नाम शामिल करवाने के लिए आवश्यक दस्तावेजों तथा घोषणा-पत्र सहित दावा प्रस्तुत किया जा सकता है। अभी तक कुल 38,815 फॉर्म नंबर-6 प्राप्त हुए हैं। मतदाता सूची में नाम, पता, आयु, फोटो अथवा अन्य विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 आवश्यक दस्तावेजों एवं घोषणा-पत्र सहित भरा जा सकता है। अभी तक कुल 40,659 फॉर्म नंबर-8 प्राप्त हुए हैं।

किसी अपात्र, मृत, स्थानांतरित अथवा अन्य स्थान पर पहले से पंजीकृत मतदाता के संबंध में नाम हटाने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फॉर्म-7 के माध्यम से आपत्ति दर्ज की जा सकती है। अभी तक कुल 2,260 फॉर्म नंबर-7 प्राप्त हुए हैं। यह दावे एवं आपत्तियां संबंधित ERO/AERO कार्यालय में जमा की जा सकती हैं। नागरिक ऑनलाइन voters.eci.gov.in के माध्यम से भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।

विशेष अभियान के दौरान नागरिक अपने क्षेत्र के संबंधित BLO अथवा निर्वाचन पंजीयन अधिकारी से संपर्क कर मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं सहायता प्राप्त कर सकते हैं। दावे एवं आवेदन 30 अगस्त, 2026 तक प्रस्तुत किए जा सकते हैं। इसके अलावा ECINET App पर Book a Call सुविधा अथवा मतदाता हेल्पलाइन 1950 के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि नागरिक  विशेष अभियान की तिथियों का लाभ उठाएं व मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाकर लोकतंत्र को मजबूत बनाएं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News