उदयपुर के जनजातीय लैक्रोज खिलाड़ियों का केंद्रीय मंत्री ने किया सम्मान
Udaipur Times: Sports News: 14 जुलाई 2026। केंद्रीय जनजातीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने अपने उदयपुर प्रवास के दौरान ओलंपिक खेल लैक्रोज में देश का नाम रोशन करने वाले जनजातीय क्षेत्र के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों, भारतीय महिला टीम की कप्तान सुनीता मीणा तथा राष्ट्रीय प्रशिक्षक नीरज बत्रा से आत्मीय मुलाकात कर उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने खिलाड़ियों के समर्पण, अनुशासन और संघर्ष की प्रशंसा करते हुए कहा कि जनजातीय अंचल के युवा आज अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर विश्व पटल पर भारत का गौरव बढ़ा रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने विशेष रूप से एशियन लैक्रोज गेम्स, रियाद (सऊदी अरब) में भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ स्कोरर मोहनलाल गमेती के अदम्य साहस और जुझारूपन की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इराक के विरुद्ध मुकाबले के दौरान ठुड्डी पर गंभीर चोट लगने और नौ टांके आने के बावजूद मोहनलाल ने हार नहीं मानी। चिकित्सकीय जोखिम के बावजूद उन्होंने पाकिस्तान के विरुद्ध महत्वपूर्ण मुकाबले में मैदान पर उतरकर अद्वितीय साहस, आत्मविश्वास और देशभक्ति का परिचय दिया तथा सर्वाधिक गोल कर भारत की ऐतिहासिक जीत का मार्ग प्रशस्त किया। उनके इस संघर्ष और उत्कृष्ट प्रदर्शन ने भारतीय टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में निर्णायक भूमिका निभाई, जो आने वाली पीढ़ियों के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
उइके ने कहा कि ऐसे खिलाड़ी पूरे देश के लिए गर्व का विषय हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी इसी समर्पण और उत्कृष्टता के साथ प्रदर्शन करने, देश का गौरव बढ़ाने तथा अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करने के लिए शुभकामनाएँ एवं प्रेरणा दी।
इस अवसर पर जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि राजस्थान आज भारत में लैक्रोज का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है और विशेष रूप से उदयपुर के जनजातीय क्षेत्र के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार शीघ्र ही लैक्रोज को खेल नीति में शामिल कर खिलाड़ियों को रोजगार एवं बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सकारात्मक कदम उठाएगी।
उदयपुर लोकसभा सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने खिलाड़ियों को लक्ष्य ओलंपिक की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, समाजसेवी गजपाल सिंह राठौड़ तथा पुष्कर तेली ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में संभागीय आयुक्त एवं लैक्रोज प्रवर्तक प्रज्ञा केवलरमानी ने जनजातीय क्षेत्र के खिलाड़ियों के विकास हेतु राजस्थान सरकार, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजस्थान के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी सुनिश्चित कराने के लिए राजस्थान माइन्स एवं मिनरल्स लिमिटेड (आरएसएमएमएल) द्वारा वित्तीय सहयोग प्रदान किया जा रहा है, जिससे अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिला है।
कार्यक्रम में टीआरआई निदेशक ओ.पी. जैन, एडीएम सिटी दीपेंद्र सिंह राठौड़, जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के उपायुक्त कृष्णपाल सिंह चैहान, निर्मला बिश्नोई सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में राजस्थान और विशेषकर जनजातीय क्षेत्र के खिलाड़ी विश्व स्तर पर भारत का परचम और अधिक ऊँचा करेंगे।
