Uno Minda ने किया बड़ा ऐलान, 320 करोड़ रुपये की लागत से यहां लगाएगी नया प्लांट
Udaipur Times, Uno Minda's ₹320 crore investment : देश की प्रमुख ऑटो कंपोनेंट निर्माता कंपनी Uno Minda ने अपने कारोबार का विस्तार करते हुए चार पहिया (4W) पैसेंजर व्हीकल सीटिंग सिस्टम सेगमेंट में उतरने का ऐलान किया है। कंपनी ने महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर (पूर्व में औरंगाबाद) में 320 करोड़ रुपये की लागत से नया ग्रीनफील्ड मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने को मंजूरी दी है।
2028 तक शुरू होगा उत्पादन
कंपनी के मुताबिक, नए प्लांट का निर्माण वित्त वर्ष 2028 की चौथी तिमाही (Q4 FY28) तक पूरा होने की उम्मीद है। इस प्लांट की सालाना उत्पादन क्षमता 2.4 लाख यूनिट होगी।
जापानी कंपनी के साथ मिलकर बनेगा प्लांट
यह परियोजना Uno Minda Tachi-S Seating Private Limited के तहत विकसित की जाएगी। यह Uno Minda और जापान की TACHI-S Company Limited का संयुक्त उपक्रम (JV) है। इस जॉइंट वेंचर में Uno Minda करीब 93 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
2022 में हुई थी साझेदारी
Uno Minda और TACHI-S के बीच सितंबर 2022 में साझेदारी हुई थी। शुरुआत में यह संयुक्त उपक्रम पैसेंजर वाहनों के लिए सीट रिक्लाइनर का निर्माण और बिक्री करता था। अब कंपनी पूरे कार सीटिंग सिस्टम सेगमेंट में कदम रख रही है, जिससे प्रति वाहन उसकी आय बढ़ने की संभावना है।
मिला बड़ा ऑर्डर
कंपनी ने बताया कि जॉइंट वेंचर को पहले ही एक प्रमुख ऑटोमोबाइल निर्माता (OEM) से एंकर ऑर्डर मिल चुका है। इससे कंपनी की इंजीनियरिंग क्षमता और मैन्युफैक्चरिंग गुणवत्ता पर भरोसा मजबूत हुआ है।
प्रबंधन ने क्या कहा?
Uno Minda के प्रबंध निदेशक रवि मेहरा ने कहा कि यह कंपनी की विकास यात्रा का अहम पड़ाव है। उनके मुताबिक, कार सीटिंग सिस्टम कारोबार में प्रवेश केवल उत्पाद विस्तार नहीं, बल्कि एक रणनीतिक कदम है, जिससे कंपनी के प्रति वाहन राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
क्या करती है Uno Minda?
साल 1958 में स्थापित Uno Minda ऑटो कंपोनेंट और सिस्टम निर्माण क्षेत्र की अग्रणी कंपनियों में शामिल है। कंपनी पैसेंजर कार, कमर्शियल वाहन, दोपहिया और तिपहिया वाहनों के लिए 28 से अधिक श्रेणियों के ऑटो पार्ट्स और सिस्टम बनाती है। इसके उत्पाद पेट्रोल-डीजल (ICE) के साथ-साथ इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड वाहनों में भी इस्तेमाल किए जाते हैं।
