राजसमंद में अस्पताल कर्मचारी की मौत के बाद परिजनों का हंगामा, पथराव, पुलिस ने किया बल प्रयोग

 | 
Ruckus in Deogarh Rajsamand

Udaipur Times, Rajsmand News: 13 जून 2026। ज़िले के देवगढ़ स्थित स्तुति हॉस्पिटल में कार्यरत कर्मचारी राजू सिंह की सड़क हादसे में मौत के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार राजू सिंह रात को ड्यूटी समाप्त कर दो अन्य साथियों के साथ कामलीघाट की ओर से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान उनका वाहन डिवाइडर से टकरा गया, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। इनमें गंभीर रूप से घायल राजू सिंह की उदयपुर के अनंता हॉस्पिटल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।

गुस्साए परिजन और ग्रामीण स्तुति हॉस्पिटल पहुंच गए और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान अस्पताल परिसर के बाहर हंगामा हुआ तथा पथराव की घटना भी सामने आई। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर पहुंचना पड़ा।

आक्रोशित ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करने की भी कोशिश की, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित होने की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस और प्रशासन ने समझाइश कर जाम की कोशिश को विफल कर दिया।

हंगामा बढ़ने और स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया और हालात पर काबू पाया। इसके बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई। फिलहाल मौके पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात है और प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।

मृतक के परिजन अस्पताल प्रबंधन से उचित मुआवजा देने की मांग पर अड़े हुए हैं। मामले को लेकर प्रशासन, अस्पताल प्रबंधन और परिजनों के बीच वार्ता जारी है। प्रशासन का कहना है कि सभी पक्षों से बातचीत कर समाधान निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News