महाराणा प्रताप गौरव केंद्र अंडरपास का शहरी विकास मंत्री ने किया लोकार्पण
नगरीय विकास मंत्री श्रीचंद कृपलानी ने उदयपुर के महाराणा प्रताप गौरव केन्द्र के समीप 40 लाख की लागत से यूआईटी द्वारा नव निर्मित अंडरपास का लोकार्पण बुधवार शाम किया। अंडरपास के तकनीकी प्रभारी यूआईटी के अधिशाषी अभियंता मुकेश जानी ने बताया कि 18 मीटर लम्बाई, पांच मीटर चौड़ाई एवं 3 मीटर ऊंचाई के 40 लाख की लागत से अंडरपास निर्मित किया गया है।
नगरीय विकास मंत्री श्रीचंद कृपलानी ने उदयपुर के महाराणा प्रताप गौरव केन्द्र के समीप 40 लाख की लागत से यूआईटी द्वारा नव निर्मित अंडरपास का लोकार्पण बुधवार शाम किया। श्री कृपलानी ने कहा कि राजस्थान का गौरवशाली इतिहास विश्वभर में अनन्य है। हमारे पुरोधाओं, वीर वीरांगनाओं द्वारा राष्ट्रहित में दिया गया अद्वितीय योगदान ही प्रमुख इस गौरव का आधार है, हमें उनसे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने की जरूरत है।
आरंभ में स्वागत उद्बोधन में नगर विकास प्रन्यास के अध्यक्ष रवीन्द्र श्रीमाली ने कहा कि इस मार्ग पर अत्यधिक वाहनों के आवागमन के संभावित दुर्घटनाओं की प्रभावी रोकथाम के मद्देनजर यह अंडर पास तैयार किया गया है। लोक सुविधाओं के लिए नगर विकास प्रन्यास संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रहा है। उन्होंने न्यास परिधि क्षेत्र में वृक्षारोपण, सौंदर्यीकरण, बेहतर रोड नेटवर्क, पर्यटन स्थलों का विकास, अतिक्रमण हटाओ अभियान आदि पर विस्तार से चर्चा की।
जिला प्रमुख शांतिलाल मेघवाल ने जिले में विकास को अनुकरणीय बताया और नेतृत्व को विकास का आधार बताया। उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा ने कहा कि प्रताप गौरव केन्द्र के माध्यम से देश की अस्मिता के इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने का बेहतर कार्य हुआ है। उन्होंने उनके विधानसभा क्षेत्र में आमजन को पट्टे एवं पेयजल सुविधाओं के लिए शहरी विकास मंत्री से आग्रह किया। अंडरपास के तकनीकी प्रभारी यूआईटी के अधिशाषी अभियंता मुकेश जानी ने बताया कि 18 मीटर लम्बाई, पांच मीटर चौड़ाई एवं 3 मीटर ऊंचाई के 40 लाख की लागत से अंडरपास निर्मित किया गया है।
समारोह में राजस्थान सिंधी अकादमी के अध्यक्ष हरीश राजानी, बड़ी सादड़ी विधायक गौतम दक, उदयपुर उप महापौर लोकेश द्विवेदी, प्रताप गौरव केन्द्र के ओम प्रकाश, के.एस.गुप्ता, जी.एस.टांक, डॉ. देव कोठारी, भगवान खारोल, यूआईटी सचिव रामनिवास मेहता, अधिशाषी अभियंता मुकेश जानी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद थे। कार्यक्रम का संयोजन पार्षद अतुल चण्डालिया ने किया। आभार यूआईटी सचिव श्री मेहता ने जताया। उन्होंने नवनिर्मित अंडर पास के बेस के सौंदर्यीकरण का कार्य एक माह में करने का भरोसा दिलाया।
इससे पूर्व श्री कृपलानी एवं अतिथियों ने लोकार्पण पट्टिका का अनावरण कर अंडरपास का विधिवत शुभारंभ किया और अवलोकन कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
