26 दिन की बेटी को गोद में लेकर दिया MPPSC इंटरव्यू, वर्षा पटेल बनीं DSP
Udaipur Times, Success Story : मैहर की वर्षा पटेल ने हौसले और मेहनत की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसने हर किसी को प्रेरित किया है। वर्षा ने अपनी महज 26 दिन की नवजात बेटी को गोद में लेकर MPPSC का इंटरव्यू दिया और सफलता हासिल कर DSP के पद पर चयनित हुईं। MPPSC 2024 के परिणाम में वर्षा ने महिला वर्ग में रैंक-1 हासिल की।
वर्षा के लिए परीक्षा का अंतिम चरण आसान नहीं था। इंटरव्यू के समय उनकी बेटी महज 26 दिन की थी। प्रसव के बाद शरीर को आराम की जरूरत थी, वहीं नवजात बच्ची की देखभाल की जिम्मेदारी भी थी। इसके बावजूद वर्षा ने अपने सपने को पूरा करने का फैसला किया। परिवार और पति के सहयोग से वह अपनी बच्ची के साथ इंटरव्यू केंद्र पहुंचीं।

बताया गया कि इंटरव्यू के दौरान परिवार के सदस्य बाहर बच्ची की देखभाल कर रहे थे, जबकि वर्षा ने पूरे आत्मविश्वास के साथ बोर्ड के सवालों का जवाब दिया। उनकी सफलता में परिवार और विशेष रूप से पति के सहयोग को अहम माना जा रहा है।
वर्षा पटेल की कहानी बताती है कि मजबूत इच्छाशक्ति, मेहनत और परिवार के सहयोग से मुश्किल परिस्थितियों में भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनकी सफलता नारी शक्ति और दृढ़ संकल्प की प्रेरणादायक मिसाल बन गई है।
