हरियाणा में पशु चिकित्सक गिरफ्तार, 28 हजार रुपये की रिश्वत लेते ACB टीम ने पकड़ा

 | 
हरियाणा में पशु चिकित्सक गिरफ्तार, 28 हजार रुपये की रिश्वत लेते ACB टीम ने पकड़ा

Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB), उपकेंद्र कैथल ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए पशुपालन विभाग, कैथल में कार्यरत पशु चिकित्सक डॉ. अंकुर शर्मा को 28,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

इस संबंध में आरोपी के विरुद्ध एफआईआर संख्या 17 दिनांक 30.07.2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 308(2) के अंतर्गत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, अंबाला में मामला दर्ज किया गया है।

क्या था मामला-

शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को दी गई शिकायत में बताया कि उसने अपनी भैंसों की डेयरी के लिए बैंक से ऋण लिया हुआ है तथा उनका बीमा भी कराया हुआ है। आरोप है कि पशु चिकित्सक डॉ. अंकुर शर्मा ने भैंसों का सत्यापन करने के बाद बैंक के लिए आवश्यक रिपोर्ट/हेल्थ सर्टिफिकेट जारी करने तथा बीमा रद्द करवाने एवं डेयरी बंद करवाने का डर दिखाकर 30,000 रुपये रिश्वत की मांग की। बाद में सौदा 28,000 रुपये में तय हुआ। 

शिकायत का सत्यापन करने के उपरांत राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में आरोपी को 28,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पूरी ट्रैप कार्रवाई स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न की गई। मामले की जांच जारी है।

जनहित अपील: हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) प्रदेशवासियों से अपील करता है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी वैधानिक कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है या भ्रष्टाचार में संलिप्त है, तो इसकी सूचना तुरंत ब्यूरो को दें। आपकी पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा शिकायत पर निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News