एक बार फिर से शुरू हो सकेगी नेहरू गार्डन की सैर, नाव संचालन पर स्टे हटा
लेकसिटी की शान कही जाने वाली फतहसागर झील में स्थित खूबसूरत नेहरू गार्डन की सैर
लेकसिटी की शान कही जाने वाली फतहसागर झील में स्थित खूबसूरत नेहरू गार्डन की सैर पुनः शुरू हो सकेगी। नाव संचालन को लेकर ठेकेदारों के आपसी विवाद के कारण इस सैर पर हाईकोर्ट ने 11 महीनो तक स्टे लगा रखा था जिससे गार्डन तक नावों को संचालन बंद पड़ा था। अब कोर्ट से स्टे हट गया है, जिसके बाद पीडब्ल्यूडी ने नावें चलाने का टेंडर फिर से करने की तैयारी शुरू कर दी है।
फतेहसागर झील के मध्य में गार्डन हाेने से पर्यटक और शहरवासी इसमें घूमने के लिए उत्सुक रहते हैं। स्टे के कारण नौकायन बंद करना पड़ा था, जिससे गार्डन घूमने वाले पर्यटकों और स्थानीय बाशिंदो की तमन्ना पूरी नहीं हो सकती थी। अब समय रहते टेंडर प्रक्रिया पूरी होने पर सभी को फिर से नेहरू गार्डन देखने, घूमने का माैका मिल पाएगा।
उल्लेखनीय है की जनवरी 2017 से नाव नहीं चलने के कारण यह ख़ूबसूरत गार्डन वीरान पड़ा रहता है,हलांकि गार्डन आने-जाने के लिए प्रति व्यक्ति 15 और 30 रुपए किराया होने से प्रतिदिन लगभग 500 लाेग गार्डन देखने पहुंचते थे। सीजन के समय यह संख्या डेढ़ से दो हज़ार तक भी पहुंच जाती।
पीडब्ल्यूडी के एसई सीएम माथुर ने बताया की नेहरू गार्डन तक नाव संचालन की टेंडर प्रक्रिया पर हाईकोर्ट से स्टे आया था। स्टे अब हट गया है। पर्यटन सुविधा को देखते हुए जल्द ही दोबारा टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। विभाग खुद चिंतित है कि नावें नहीं चलने से खूबसूरत नेहरू गार्डन भी वीरान पड़ा है।
