हरियाणा में वीटा मिल्क बूथ खोलने का सुनहरा अवसर, मिल्क प्लांट ने मांगे नए आवेदन
Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : द हिसार जींद को-ऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स यूनियन लिमिटेड (मिल्क प्लांट जींद) ने निजी स्थान पर वीटा बूथों के आवंटन के लिए आम जनता से आवेदन आमंत्रित किए हैं। वीटा दूध और इसके विभिन्न दुग्ध उत्पादों की बिक्री के इच्छुक व्यक्ति, जिनके पास स्वयं की उपयुक्त भूमि उपलब्ध है, इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। इस योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदक के पास कम से कम 4 मीटर × 4 मीटर माप की अपनी उपयुक्त जगह होना अनिवार्य है। इसके साथ ही आवेदक का हरियाणा का मूल निवासी होना जरूरी है, उसकी आयु 18 से 55 वर्ष के बीच होनी चाहिए और न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास रखी गई है।
एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि इस योजना के तहत वीटा बूथ संरचना का निर्माण खर्च तथा संचालन से जुड़े सभी व्यय, जैसे बिजली और पानी का बिल, आवेदक को स्वयं उठाना होगा। सामान्य आवेदकों के लिए 50,000 रुपये की रिफंडेबल (वापसी योग्य) सुरक्षा राशि तथा 500 रुपये का नॉन-रिफंडेबल (गैर-वापसी योग्य) प्रसंस्करण शुल्क तय किया गया है। बीपीएल (BPL) और एमएमएपीयूवाई (MMAPUY) योजना के अंतर्गत आने वाले आवेदकों को विशेष छूट दी गई है; उनके लिए सुरक्षा राशि पूरी तरह से निःशुल्क रखी गई है और आवेदन फार्म शुल्क केवल 100 रुपये रखा गया है।
उन्होंने बताया कि इच्छुक व्यक्ति वीटा मिल्क प्लांट जींद के बिक्री एवं विपणन विभाग से 500 रुपये का आवेदन-पत्र प्राप्त कर सकते हैं या जारी किए गए क्यूआर (QR) कोड को स्कैन करके इसे डाउनलोड कर सकते हैं। सभी आवश्यक दस्तावेजों, निर्धारित शुल्क और सुरक्षा राशि के साथ पूर्ण रूप से भरा हुआ आवेदन पत्र द हिसार जींद को-ऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स यूनियन लिमिटेड के कार्यालय में जमा कराना होगा। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर 2026 को सायं 04:00 बजे तक निर्धारित की गई है। विस्तृत नियम व शर्तों के लिए आधिकारिक वेबसाइट www.vita.haryana.gov.in पर विजिट किया जा सकता है।