सुविवि में मतदाता जागरुकता कार्यक्रम आयोजित
सुविवि में मतदाता जागरुकता कार्यक्रम आयोजित
मोहनलाल सुखाडि़या विश्वविद्यालय, जी न्यूज, वरदान फाउंडेशन, नई दिल्ली तथा नेहरु युवक केन्द्र उदयपुर के संयुक्त तत्ववावधान में सोमवार को सामाजिक विज्ञान एवं मानविकी महाविद्यालय सभागार में मतदाता जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। आपका वोट आपकी ताकत विषय पर आधारित इस कार्यक्रम में मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान करने की बात कही गई।
वरदान फाउंडेशन के ओपी कुमार ने कहा कि मतदान स्वच्छ तरीके से हो, खरीद फरोख्त ना हो इसके लिए मीडिया को भी अपनी भूमिका निभानी चाहिए तथा युवाओं को जागरुक बनाना चाहिए। जी मीडिया, नई दिल्ली के वरिष्ठ प्रबन्धक राकेश जोशी ने बताया कि इस अभियान के तहत देश भर में युवा मतदाताओं को जागरुक बनाने के लिए समारोह आयोजित किए जा रहे है।
आस्था संस्थान के अश्विनी पालीवाल ने कहा कि देश के विकास कार्य कभी भी बिना राजनीतिक मंशा के पूरे नहीं होते है। इसके लिए मतदाताओं को जागरुक बनाना होगा। उन्होंने कहा कि इस बार नोटा का विकल्प भी सबके सामने है यदि आपको कोई प्रत्याशी पसन्द नहीं है तो आप इस बटन का इस्तेमाल कर सकते है।
लोक प्रशासन विभाग के प्रो सुरेन्द्र कटारिया ने कहा कि मतदान में दान शब्द जुड़ा है और यह करने के लिए भी मांगना पड़ रहा है। यह अधिकार है और इसका सभी को प्रभावी तौर इसतेमाल करना चाहिए। डा सीमा जालान ने कहा कि शिक्षित समाज हमेशा कम वोट करता है जो कि लोकतन्त्र के लिए अच्छा नहीं है । अब वक्त आ गया है कि पढे लिखे समाज को भी घरों से बाहर आ कर अपना वोट देना होगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईएएस अधिकरी तथा दिल्ली ट्रांसपोर्ट के प्रबन्धक जानिथामा ने कहा कि चुनाव धनबल से लडे जाते है प्रत्याशी पानी की तरह धन बहा देता है। उन्होंने इस पर रोक लगाने की बात कही तथा आशा व्यक्त की कि चुनाव सुधार हो रहे है और भविष्य में इस पर पूरी तरह लगाम लग जाएगी।
कार्यक्रम के अध्यक्ष कुलपति प्रो आई वी त्रिवेदी ने अभियान की सराहना करते हुए आयोजको को बधाई दी तथा आशा व्यक्त की कि इस बार हर युवा जागरुक हो कर अपने मताधिकार का प्रयोग करेगा। प्रो संजय लोढ़ा ने लोकतान्त्रिक चुनाव प्रक्रिया की खामियां तथा मताधिकर का शत प्रतिशत लोग इस्तेमाल करे इसके लिए सुझाव पेश किए। इस अवसर पर नेहरु युवक केन्द्र के पवन अमरावत ने भी विचार व्यक्त किए। संचालन गिरीराजसिंह चौहान ने किया। इस अवसर पर नाद ब्रह्म संस्था के कलाकारों ने मतदाताओं को जगाने के लिए एक नुक्कड़ नाटक का मंचन भी किया।
