तरबूज पर उकेरी धर्मेंद्र की तस्वीर…

उदयपुर के शेफ हर्षवर्धन ने अनूठी कला से दी श्रद्धांजलि
 | 

उदयपुर 25 नवंबर 2025 । बॉलीवुड के महानायक और ही-मैन के नाम से मशहूर दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के आज देहांत की खबर ने पूरे देश को शोक में डूबो दिया। सोशल मीडिया से लेकर फिल्म इंडस्ट्री तक हर जगह श्रद्धांजलि का दौर जारी है। इसी कड़ी में उदयपुर शहर के युवा कलाकार और शेफ हर्षवर्धन ने भी धर्मेंद्र को एक बेहद अनूठे और खास अंदाज में श्रद्धांजलि अर्पित की है, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

दरअसल, शेफ हर्षवर्धन ने अपनी तरबूज कार्विंग कला के जरिए धर्मेंद्र की तस्वीर तरबूज पर उकेरकर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। तरबूज पर बनाई गई यह तस्वीर इतनी आकर्षक और जीवंत है कि देखने वालों को ऐसा महसूस हो रहा है जैसे धर्मेंद्र का पूरा व्यक्तित्व तरबूज पर उतार दिया गया हो। उनकी यह कलाकृति सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही है।

शेफ हर्षवर्धन ने बताया कि धर्मेंद्र उनकी बचपन से ही पसंदीदा स्टार रहे हैं और वह उनकी फिल्में देखकर बड़े हुए हैं। धर्मेंद्र का अंदाज, उनका संवाद बोलने का तरीका और खासकर लव कैरेक्टर में उनका अभिनय हर्षवर्धन को हमेशा प्रेरित करता रहा है। इसी लगाव और सम्मान के कारण उन्होंने अपने कला कौशल को श्रद्धांजलि के रूप में समर्पित किया।

हर्षवर्धन तरबूज कार्विंग कला के लिए देशभर में पहचाने जाते हैं। इससे पहले भी कई विशेष मौकों पर वह अनोखी कलाकृतियाँ बना चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भी उन्होंने तरबूज पर पीएम की तस्वीर उकेरकर चर्चा बटोरी थी। उनकी कलाकृतियों की खासियत यह है कि वह केवल चित्र नहीं उकेरते, बल्कि चेहरे की बारीकियों को ऐसा उभारते हैं कि जीवंतता झलकने लगती है।

#Dharmendra #DharmendraTribute #BollywoodLegend #Udaipur #UdaipurNews #Rajasthan #RajasthanNews #Harshvardhan #WatermelonArt #FruitCarving #ViralArt #Bollywood #HeMan #IndianCinema