हरियाणा में बदला मौसम का मिजाज, विभाग ने कोहरे का येलो अलर्ट किया जारी

 | 
हरियाणा में बदला मौसम का मिजाज, विभाग ने कोहरे का येलो अलर्ट किया जारी

Udaipur Times, Haryana Weather : हरियाणा में मौसम का मिजाज बदल गया है। जिसके चलते प्रदेश में ठंड ने अब अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। उत्तर-पश्चिमी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने आज 19 नवंबर से 22 नवंबर तक प्रदेश में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।

पहले दिन यानी आज पूर्वी और दक्षिणी हरियाणा के 10 जिलों में घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी गई है। वहीं, रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है और प्रदेश के 7 जिलों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे लुढ़क गया है।

विभाग के मुताबिक, आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह और पलवल में सुबह और शाम के समय कहीं-कहीं घना कोहरा छाया रहेगा। विभाग ने इसे येलो अलर्ट की श्रेणी में रखा है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 20 से 22 नवंबर के बीच कोहरे का असर और तेज होगा। इन तीन दिनों के दौरान कुरुक्षेत्र, कैथल और जींद को छोड़कर प्रदेश के बाकी सभी 19 जिलों (सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद आदि) में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी रहेगा।

बीते 24 घंटों में विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। हिसार का बालसमंद 8.6 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News