Udaipur Times, Haryana Weather : हरियाणा में मौसम का मिजाज बदल रहा है। जिसके चलते प्रदेश में ठंड ने दस्तक दी है। मौसम विभाग की जानकारी के मुताबिक, प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर बढ़ने लगा है। प्रदेश में नारनौल सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 9 डिग्री दर्ज किया गया।
इसके अलावा हिसार में रात का पारा 11 डिग्री पर रहा, जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम है। प्रदेश के कई शहरों में रात का तापमान 10 से 13 डिग्री के बीच पहुंच चुका है।
सुबह-शाम ठंड महसूस होने लगी है, जबकि दोपहर में धूप निकलने से दिन का तापमान अभी सामान्य बना हुआ है। विभाग की जारी रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री फरीदाबाद में दर्ज किया गया। औसतन अधिकतम तापमान में पिछले दिन के मुकाबले 0.1 डिग्री की गिरावट आई है।
फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री रहा, जो प्रदेश में सबसे अधिक है।
इसके अलावा मेवात में 28.2, हिसार में 27.2, अम्बाला में 26.5, गुरुग्राम में 27.3 और रोहतक में 23.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ने से सुबह-शाम ठंड और दोपहर में हल्की गर्मी महसूस हो रही है।