Udaipur Times, Rajasthan Weather : राजस्थान में मौसम का मिजाज बदल गया है। इसके साथ ही प्रदेश में ठंड का आगमन हो गया है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है की वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर खत्म होने के बाद राजस्थान में सर्दी बढ़ गई है। सोमवार को उत्तरी राजस्थान के जिलों में कोहरा छाया। सुबह-शाम हल्की सर्द हवा चलने से शहरों में न्यूनतम तापमान में 1 से लेकर 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हुई, जिससे यहां सुबह-शाम अचानक सर्दी तेज हो गई।
विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे ज्यादा ठंडी रात फतेहपुर (सीकर) में रही। प्रदेश में अब सर्दी जोर पकड़ेगी। अगले तीन-चार दिन मौसम ड्राई रहेगा।
बीते 24 घंटे का मौसम देखें तो सोमवार को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू के कुछ इलाकों में कोहरा छाया। श्रीगंगानगर के इलाकों में सुबह घना कोहरा रहा। दिन चढ़ने के साथ ही आसमान साफ हुआ और धूप निकली।
कोहरा पड़ने के साथ ही इन जिलों में सुबह हल्की सर्द हवा चली, जिस कारण यहां सर्दी बढ़ गई। जबकि शेष जिलों में आसमान साफ रहा और तेज धूप रही।
विभाग के मुताबिक, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के जाने के बाद उत्तर भारत से सर्द हवा चलनी शुरू हो गई। उत्तरी हवा के असर से पिलानी (झुंझुनूं) में सोमवार को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री गिरकर 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
सीकर, श्रीगंगानगर में भी तापमान 3 डिग्री सेल्सियस गिर गया। सीकर में न्यूनतम तापमान 13.4, श्रीगंगानगर में 14.1, अलवर, करौली में 13.8, टोंक में 14.3 और माउंट आबू में 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विभाग ने वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के बाद अब राजस्थान में आज से रात में सर्दी तेज होने की संभावना है। श्रीगंगानगर, चूरू, हनुमानगढ़, सीकर समेत अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होने का अनुमान है।