5 साल के लिए निवेश का प्लान ? FD और प्रॉपर्टी में से कहां मिलेगा ज्यादा मुनाफा
Udaipur Times, 5 year FD or property Safe Investment : अगर आपके पास एकमुश्त बड़ी रकम है और आप उसे सुरक्षित तरीके से निवेश करना चाहते हैं, तो सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि बैंक की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) बेहतर रहेगी या प्रॉपर्टी में निवेश। दोनों विकल्पों के अपने फायदे और जोखिम हैं। ऐसे में निवेश से पहले यह समझना जरूरी है कि 5 साल बाद किस विकल्प से ज्यादा रिटर्न मिल सकता है।
FD में कितना मिलेगा रिटर्न?
फिलहाल कई बैंक 5 साल की FD पर करीब 6% से 8.3% तक ब्याज दे रहे हैं। यदि 8% वार्षिक ब्याज दर मानकर 25 लाख रुपये की FD कराई जाए, तो 5 साल बाद मैच्योरिटी पर करीब 37.15 लाख रुपये मिल सकते हैं। यानी निवेशक को लगभग 12.15 लाख रुपये का ब्याज मिलेगा।
प्रॉपर्टी में कितना हो सकता है फायदा?
रिपोर्ट के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में खासकर दिल्ली-एनसीआर जैसे क्षेत्रों में प्रॉपर्टी की कीमतों में तेज बढ़ोतरी देखने को मिली है। यदि 25 लाख रुपये की प्रॉपर्टी पर औसतन 15% सालाना वृद्धि मानी जाए, तो 5 साल बाद उसकी कीमत करीब 52.20 लाख रुपये तक पहुंच सकती है। यानी अनुमानित लाभ करीब 27.20 लाख रुपये हो सकता है। हालांकि यह रिटर्न पूरी तरह बाजार की स्थिति और लोकेशन पर निर्भर करेगा।
टैक्स का भी रखें ध्यान
FD में मूलधन पर टैक्स नहीं लगता, लेकिन ब्याज से होने वाली आय टैक्स स्लैब के अनुसार कर योग्य होती है। वहीं, प्रॉपर्टी बेचने पर कैपिटल गेन टैक्स (Capital Gain Tax) देना पड़ सकता है, जिसकी दर होल्डिंग पीरियड और टैक्स नियमों के अनुसार तय होती है।
कौन-सा विकल्प बेहतर है?
अगर आप गारंटीड और कम जोखिम वाला रिटर्न चाहते हैं, तो FD बेहतर विकल्प हो सकती है। वहीं, यदि आप कुछ जोखिम लेने को तैयार हैं और लंबी अवधि में ज्यादा रिटर्न की संभावना चाहते हैं, तो प्रॉपर्टी बेहतर साबित हो सकती है। हालांकि प्रॉपर्टी में रिटर्न निश्चित नहीं होता और यह बाजार, मांग तथा लोकेशन पर निर्भर करता है।
