भारत की पहली बुलेट ट्रेन का किराया कितना होगा ? जानिए फ्लाइट से सस्ता या महंगा पड़ेगा सफर
Udaipur Times, Bullet train ticket Price in India : भारत की पहली बुलेट ट्रेन का इंतजार अब खत्म होने की ओर है। मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर (MAHSR) का पहला चरण 15 अगस्त 2027 से शुरू होने की उम्मीद है। शुरुआत में बुलेट ट्रेन सूरत-बिलीमोरा सेक्शन पर दौड़ेगी। ऐसे में लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल है कि इस सुपरफास्ट ट्रेन में सफर करने के लिए कितना किराया देना होगा।
कितना हो सकता है टिकट का किराया?
रेल मंत्रालय और नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) अंतिम किराया तय करने पर काम कर रहे हैं। मौजूदा अनुमान के मुताबिक, मुंबई से अहमदाबाद (508 किमी) तक के सफर के लिए इकोनॉमी क्लास का किराया करीब 3,000 रुपये हो सकता है। वहीं बिजनेस क्लास का टिकट 4,000 से 4,500 रुपये के बीच रहने की संभावना है।
हालांकि कुछ रिपोर्टों में परियोजना की बढ़ती लागत के कारण किराया 6,000 से 7,000 रुपये तक होने की बात कही गई थी, लेकिन NHSRCL ने साफ किया है कि किराया मध्यम वर्ग की पहुंच में रखने की कोशिश की जाएगी।
फ्लाइट से सस्ता और ट्रेन से कहीं ज्यादा तेज
डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) के अनुसार, बुलेट ट्रेन का किराया मुंबई-अहमदाबाद दुरंतो एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी किराए का लगभग 1.5 गुना रखा जा सकता है। मौजूदा फर्स्ट एसी किराए के आधार पर यह लगभग 3,300 रुपये बैठता है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी पहले कह चुके हैं कि किराया ऐसा रखा जाएगा जिससे आम यात्रियों को फायदा मिले। लक्ष्य यह है कि बुलेट ट्रेन का सफर फ्लाइट और टैक्सी की तुलना में किफायती हो, जबकि समय की भी बड़ी बचत हो।
कितना समय लगेगा?
508 किलोमीटर लंबे मुंबई-अहमदाबाद रूट पर दो तरह की सेवाएं उपलब्ध होंगी।
रैपिड बुलेट ट्रेन: करीब 1 घंटा 58 मिनट से 2 घंटे 7 मिनट में सफर पूरा करेगी।
रेगुलर बुलेट ट्रेन: सभी 12 स्टेशनों पर रुकते हुए करीब 2 घंटे 58 मिनट में यात्रा पूरी करेगी।
मौजूदा साधनों से कितनी तेज?
वंदे भारत/सुपरफास्ट ट्रेन: 5.5 से 7 घंटे
कार या बस: 8 से 9 घंटे
फ्लाइट: उड़ान करीब 1 घंटे की, लेकिन एयरपोर्ट की औपचारिकताओं के साथ कुल 4 से 5 घंटे
बुलेट ट्रेन की अधिकतम डिजाइन स्पीड 350 किमी/घंटा और ऑपरेशनल स्पीड 320 किमी/घंटा होगी।
बुलेट ट्रेन की खास बातें
रैपिड बुलेट ट्रेन: 1 घंटा 58 मिनट से 2 घंटे 7 मिनट में सफर
सभी स्टेशनों पर रुकने वाली ट्रेन: करीब 2 घंटे 58 मिनट
मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर की लंबाई: 508 किलोमीटर
वंदे भारत/सुपरफास्ट ट्रेन: 5.5 से 7 घंटे
कार या बस: 8 से 9 घंटे
फ्लाइट: उड़ान करीब 1 घंटा, लेकिन चेक-इन, सुरक्षा जांच और बोर्डिंग समेत कुल 4 से 5 घंटे
अधिकतम डिजाइन स्पीड: 350 किमी/घंटा
ऑपरेशनल स्पीड: 320 किमी/घंटा
चरणबद्ध तरीके से शुरू होगी सेवा
508 किलोमीटर लंबा मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर चरणों में शुरू किया जाएगा। सबसे पहले सूरत-बिलीमोरा सेक्शन चालू होगा। इसके बाद वापी-सूरत, वापी-अहमदाबाद, अहमदाबाद-ठाणे और अहमदाबाद-मुंबई सेक्शन को क्रमवार शुरू किया जाएगा।
दो तरह की मिलेगी सेवा
यात्रियों के लिए दो विकल्प होंगे-
रैपिड बुलेट ट्रेन: केवल प्रमुख स्टेशनों जैसे सूरत और वडोदरा पर रुकेगी।
रेगुलर बुलेट ट्रेन: मार्ग के सभी 12 स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
NHSRCL का कहना है कि परियोजना की लागत बढ़ने के बावजूद इसका उद्देश्य भारत में विश्वस्तरीय हाई-स्पीड रेल नेटवर्क विकसित करना और भविष्य में दिल्ली-वाराणसी-सिलीगुड़ी जैसे नए बुलेट ट्रेन कॉरिडोर की नींव तैयार करना है।
