Udaipur Times, Rajasthan Weather : राजस्थान में इन दिनों मौसम का मिजाज बदल रहा है। जिसके चलते प्रदेश में रात को ठंड ने दस्तक दे दी है। राजस्थान के मौसम में दिन गर्म और रात ठंडी होने लगी है। मौसम विभाग की जारी रिपोर्ट के मुताबिक, शहरों में रात का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से नीचे और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हो रहा है।
गुरुवार को सबसे ज्यादा ठंडा इलाका माउंट आबू रहा, जबकि सबसे गर्म बाड़मेर रहा।
मौसम विभाग ने दिन का तापमान सामान्य से ऊपर जबकि रात का पारा सामान्य के आसपास दर्ज होने और बारिश कम होने की संभावना जताई है।
हिल स्टेशन माउंट आबू गुरुवार को राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां रात का न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आबू के बाद फतेहपुर में 12.5, सिरोही में 13.4, सीकर में 13.2, उदयपुर में 14.4, नागौर में 14.1 और चित्तौड़गढ़ में 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक आसमान साफ रहने की संभावना जताई है। इस दौरान दिनभर धूप रहने और कुछ शहरों के अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है।