Udaipur Times, Rajasthan Weather : राजस्थान में मौसम का मिजाज धीरे- धीरे बदल रहा है। प्रदेश में नवंबर का पहला सप्ताह बीतने के बाद भी दिन में हल्की गर्मी है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी राजस्थान के जिलों में तापमान 35 से 38 डिग्री के बीच बना हुआ है। हालांकि रात के तापमान में बीते एक सप्ताह में गिरावट आई है।
विभाग ने बताया की बीते कल अजमेर सहित कई जिलों में हल्के बादल छाए रहे। अलवर में सुबह कोहरा रहा। प्रदेश के अधिकतर जिलों में मौसम साफ रहा।
विभाग ने प्रदेश में अगले तीन दिन तक प्रदेश के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने के संकेत दिए हैं, जबकि अगले एक सप्ताह तक राज्य में मौसम साफ रहने की संभावना जताई है।
विभाग की जारी रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा गर्मी बाड़मेर में रही। यहां दिन का तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस रहा। बाड़मेर के अलावा जोधपुर, जैसलमेर, चित्तौड़गढ़, पाली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ।
रात में सबसे ज्यादा सर्द माउंट आबू रहा। यहां न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। माउंट आबू के अलावा सीकर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक आसमान साफ रहने की संभावना जताई है। इस दौरान दिनभर धूप रहने और कुछ शहरों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।