Udaipur Times, Rajasthan Weather : राजस्थान में मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल चूका है। प्रदेश में करीब 3 दिन की देरी से मानसून शनिवार को पूरी तरह विदा हो गया। मौसम विभाग ने बताया की प्रदेश में इस सीजन करीब 22 फीसदी कम बारिश हुई है।
मानसून के जाने के साथ ही राज्य में गर्मी भी तेज होने लगी। मौसम विभाग के अनुसार, पिलानी (झुंझुनूं) में शनिवार को दिन का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया।
बीते 24 घंटे का मौसम देखे तो राज्य के सभी इलाकों में आसमान साफ रहा और सुबह से तेज धूप रही। विभाग के मुताबिक अगले एक सप्ताह आसमान साफ रहेगा और इसी तरह गर्मी, धूप रहने की संभावना है।
जयपुर में शनिवार दिनभर गर्मी रही। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकतम तापमान 1.2 डिग्री बढ़कर 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम में गर्मी बढ़ने के कारण जयपुर में रात में भी तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई, जिससे रात में ठंडक थोड़ी कम रही।
मौसम विभाग ने आज से प्रदेश में मौसम साफ़ और धूप रहने की आशंका जताई है। दिन में अधिकांश शहरों का तापमान 30 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हो सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 18 से 25 डिग्री के बीच दर्ज होने की संभावना है।