Udaipur Times, Haryana Weather : हरियाणा में इन दिनों मौसम करवट ले रहा है। प्रदेश में उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलने से रात की ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। इसके साथ ही प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
विभाग की जारी रिपोर्ट के मुताबिक, हिसार का बालसमंद 8.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ पूरे प्रदेश में सबसे ठंडा रहा।
यहां एक ही दिन में रात के पारे में 2.5 डिग्री की बड़ी गिरावट देखी गई है।
मौसम विभाग ने बताया की महेंद्रगढ़ जिले का नारनौल 9.0 डिग्री सेल्सियस के साथ दूसरा सबसे ठंडा स्थान रहा। इसके अलावा करनाल और यमुनानगर में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री और पंचकूला में 9.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
वहीं करनाल में 1.5°C, झज्जर में 1.4°C, और रोहतक, पलवल व यमुनानगर में 1.2°C की गिरावट दर्ज हुई। हालांकि, अंबाला (13.4°C) और जींद (13.0°C) में न्यूनतम तापमान में 1.0 डिग्री की मामूली बढ़ोतरी भी देखी गई।
विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में सबसे अधिक दिन का तापमान फरीदाबाद और हिसार में 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद चरखी दादरी में 28.0°C और रोहतक में 27.6°C रहा।
चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार हरियाणा राज्य में 28 नवंबर तक मौसम आमतौर पर खुश्क (शुष्क) रहने की संभावना जताई है।
इस दौरान बीच-बीच में हल्के बादल भी छा सकते हैं। उत्तर व उत्तर-पश्चिमी दिशा से हल्की से मध्यम गति से हवाएं चलने की संभावना है। इसके असर से रात्रि तापमान में हल्की गिरावट जारी रहेगी।