राजस्थान में अगले 7 दिन कैसा रहेगा मौसम का मिजाज, जाने विभाग की ताजा रिपोर्ट
Udaipur Times, Rajasthan Weather : राजस्थान में इन दिनों मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया है। मौसम विभाग की जानकारी के मुताबिक, उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों (जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश) से आ रही सर्द हवा ने राजस्थान में हल्की गलन वाली सर्दी की शुरुआत कर दी है। इसके साथ ही चूरू, सीकर, झुंझुनूं, फतेहपुर (सीकर) के अलावा अब राज्य के अन्य हिस्सों में भी सर्द हवा का असर दिखने लगा।
सिरोही में शनिवार के तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हुई। यहां अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा। विभाग के मुताबिक, प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम साफ रहने और इसी तरह की सर्दी रहने का अनुमान जताया है।
बीते 24 घंटे का मौसम देखें तो राज्य के उत्तरी हिस्सों को छोड़कर शेष राज्य में मौसम साफ रहा। एक हल्के वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ के इलाके में शनिवार को दिनभर हल्के बादल छाए रहे।
विभाग की जारी रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीगंगानगर में शनिवार को अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। शनिवार को सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान बाड़मेर में 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पाली में 30.4 और जोधपुर व जैसलमेर में 30.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवा के असर से राजस्थान में हल्की गलन वाली सर्दी की शुरुआत हो गई। सीकर, फतेहपुर, चूरू, झुंझुनूं, बीकानेर, नागौर में रात में सर्द हवा के असर से गलन वाली सर्दी का दौर शुरू हो गया।
मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले एक सप्ताह मौसम ड्राई रहेगा। इस दौरान तापमान में मामूली गिरावट हो सकती है। इससे अजमेर, जयपुर, उदयपुर और कोटा संभाग के इलाकों में रात में सर्दी बढ़ने की संभावना है।