अगले महीने कौन-कौन सी शानदार गाड़ियां होगी लॉन्च ? देखें सभी नई कारों की पूरी लिस्ट
Udaipur Times, Automobile News : फेस्टिव सीजन शुरू होने के साथ ऑटोमोबाइल कंपनियां नए मॉडल लॉन्च करने की तैयारी में जुट गई हैं। अक्टूबर 2026 में भारतीय कार बाजार में कई नए और अपडेटेड मॉडल देखने को मिल सकते हैं। इनमें Honda Elevate Facelift से लेकर Hyundai की नई SUV, Volkswagen Virtus Facelift, Toyota Glanza Facelift और Tata Sierra Dark Edition जैसे मॉडल शामिल हैं।नई कार खरीदने की तैयारी कर रहे ग्राहकों के लिए अक्टूबर का महीना खास हो सकता है। कंपनियां जहां नए मॉडल और फेसलिफ्ट वर्जन पेश करने की तैयारी कर रही हैं, वहीं कई कारों में नए फीचर्स और डिजाइन अपडेट भी देखने को मिल सकते हैं।
Honda Elevate Facelift
होंडा अपनी मिड-साइज SUV Elevate के फेसलिफ्ट मॉडल को अक्टूबर में लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। कंपनी लंबे समय से इसके अपडेटेड मॉडल की टेस्टिंग कर रही है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, नई Honda Elevate को 6 अक्टूबर 2026 को बाजार में उतारा जा सकता है।फेसलिफ्ट मॉडल में कार के फ्रंट डिजाइन में बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इसमें नए बंपर और अपडेटेड फॉक्स स्किड प्लेट दिए जाने की उम्मीद है। रियर प्रोफाइल में भी कुछ बदलाव किए जा सकते हैं।हालांकि, पावरट्रेन को लेकर बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। यानी मौजूदा इंजन और गियरबॉक्स सेटअप को ही आगे जारी रखा जा सकता है।

Hyundai Bayon BC4i
हुंडई भी अक्टूबर में भारतीय बाजार के लिए एक नई SUV पेश कर सकती है। इसका कोडनेम BC4i बताया जा रहा है। यह SUV कंपनी की मौजूदा Venue और Creta के बीच अपनी जगह बना सकती है।रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुरुआत में इसमें डीजल या हाइब्रिड इंजन मिलने की उम्मीद नहीं है। इसके बजाय कंपनी इसमें Creta से जुड़ा 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दे सकती है।
इस SUV की खासियत इसका संभावित फैक्ट्री-फिटेड CNG विकल्प हो सकता है। अगर कंपनी CNG वेरिएंट पेश करती है तो यह उन ग्राहकों को आकर्षित कर सकता है जो पेट्रोल के मुकाबले कम रनिंग कॉस्ट वाली SUV चाहते हैं।

Volkswagen Virtus Facelift
Skoda Slavia के अपडेटेड मॉडल के बाद Volkswagen भी अपनी लोकप्रिय सेडान Virtus को फेसलिफ्ट अपडेट देने की तैयारी कर रही है। नई Virtus को अक्टूबर में Slavia की कीमतों की घोषणा के बाद बाजार में लॉन्च किए जाने की संभावना है।अपडेटेड Virtus में फ्रंट डिजाइन में बदलाव के साथ कई नए फीचर्स जोड़े जा सकते हैं। कार में कनेक्टेड LED लाइट बार और इल्यूमिनेटेड Volkswagen लोगो जैसे अपडेट मिलने की उम्मीद है।पावरट्रेन की बात करें तो इसमें 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ नया 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स और मैनुअल विकल्प दिया जा सकता है। वहीं, ज्यादा पावरफुल GT मॉडल में 1.5-लीटर TSI इंजन और 7-स्पीड DSG गियरबॉक्स को जारी रखा जा सकता है।

Toyota Glanza Facelift
Maruti Suzuki Baleno के अपडेट होने के बाद Toyota भी अपनी प्रीमियम हैचबैक Glanza को फेसलिफ्ट अपडेट देने की तैयारी में है। नई Glanza को अक्टूबर में लॉन्च किए जाने की संभावना है।नई Glanza में डिजाइन और फीचर्स के स्तर पर कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इसमें Level 2 ADAS, वेंटिलेटेड सीट, 360-डिग्री कैमरा, HUD, 9-इंच टचस्क्रीन और छह एयरबैग जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है।इंजन की बात करें तो इसमें 1.2-लीटर Z12E तीन-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिए जाने की संभावना है। इसके साथ ग्राहकों को मैनुअल और AMT दोनों गियरबॉक्स विकल्प मिल सकते हैं।

Tata Sierra Dark Edition
टाटा मोटर्स भी फेस्टिव सीजन में अपनी नई Sierra को लेकर बड़ा अपडेट पेश कर सकती है। कंपनी अक्टूबर के आखिर में Sierra के Dark Edition को बाजार में लॉन्च कर सकती है।रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी सिर्फ पेट्रोल और डीजल मॉडल तक सीमित नहीं रह सकती, बल्कि Sierra EV के लिए भी Dark और Dark Red Edition पेश किए जाने की संभावना है।Dark Edition में सामान्य मॉडल की तुलना में अलग एक्सटीरियर थीम और कुछ कॉस्मेटिक बदलाव देखने को मिल सकते हैं। हालांकि, इसके फीचर्स, कीमत और लॉन्च से जुड़ी अंतिम जानकारी कंपनी की आधिकारिक घोषणा के बाद ही साफ होगी।

फेस्टिव सीजन में बढ़ेगी नई कारों की रौनक
अक्टूबर का महीना कार कंपनियों के लिए काफी अहम माना जाता है, क्योंकि इसी दौरान देश में फेस्टिव सीजन के चलते ऑटोमोबाइल की खरीदारी बढ़ती है। ऐसे में कंपनियां नए मॉडल, फेसलिफ्ट और स्पेशल एडिशन के जरिए ग्राहकों को आकर्षित करने की कोशिश करती हैं।Honda, Hyundai, Volkswagen, Toyota और Tata की इन कारों के लॉन्च से आने वाले महीनों में भारतीय कार बाजार में मुकाबला और बढ़ सकता है। हालांकि, इनमें से कुछ मॉडल की लॉन्च डेट और फीचर्स अभी रिपोर्ट्स व संभावनाओं पर आधारित हैं। कंपनियों की आधिकारिक घोषणा के बाद ही इनकी कीमत और स्पेसिफिकेशन की पूरी तस्वीर सामने आएगी।