भीलवाड़ा को मिलेगी एयर कनेक्टिविटी? हमीरगढ़ हवाई पट्टी का केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने किया निरीक्षण
Udaipur Times, Bhilwara News: 25 मई 2026। भीलवाड़ा टेक्सटाईल ट्रेड फैडरेशन द्वारा रिको ग्रोथ सेंटर स्थित फैडरेशन भवन में आयोजित अभिनंदन समारोह में भारत सरकार के केंद्रीय कानून एवं न्याय तथा संसदीय कार्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि भीलवाड़ा देश की प्रमुख वस्त्र नगरी है और यहां के उद्योगपतियों की मेहनत, दूरदर्शिता एवं उद्यमशीलता ने इसे राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाई है।
उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा के विकास में सबसे बड़ी बाधा एयर एवं रेल कनेक्टिविटी की कमी है, जिसे दूर करने के लिए केंद्र सरकार स्तर पर हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। Hamirgarh airstrip Bhilwara
केंद्रीय मंत्री का स्वागत सांसद दामोदर अग्रवाल एवं फैडरेशन पदाधिकारियों द्वारा किया गया। मंत्री मेघवाल ने कहा कि सांसद दामोदर अग्रवाल ने उन्हें हमीरगढ़ हवाई पट्टी का निरीक्षण कराया तथा क्षेत्र की आवश्यकताओं से अवगत करवाया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भीलवाड़ा को बेहतर एयर कनेक्टिविटी दिलाने हेतु आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। साथ ही रेल कनेक्टिविटी को भी मजबूत बनाने के प्रयास किए जाएंगे। Bhilwara News
उन्होंने कहा कि यदि टेक्सटाईल उद्योग से जुड़े किसी भी विषय, चाहे वह वित्त मंत्रालय, निर्यात, प्रोसेसिंग अथवा अन्य मंत्रालयों से संबंधित हो, को केंद्र सरकार के समक्ष रखने की आवश्यकता होगी तो वे पूरी संवेदनशीलता से उसे आगे बढ़ाएंगे। पूर्व में टेक्सटाईल क्षेत्र से जुड़े “TUFS” विषय पर लगाए गए शिविर का उल्लेख करते हुए उन्होंने पुनः आवश्यकता अनुसार शिविर आयोजित कराने का आश्वासन दिया। Bhilwara railway connectivity
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राजस्थान को मेगा टेक्सटाईल पार्क के लिए भीलवाड़ा इसके लिए सबसे उपयुक्त स्थान है। उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा का इस पर अधिकार है और केंद्र सरकार इस दिशा में सकारात्मक पहल करेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मेगा टेक्सटाईल पार्क की स्थापना से भीलवाड़ा के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। Bhilwara News
इस अवसर पर सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि भीलवाड़ा देश की वस्त्र नगरी के रूप में विख्यात है तथा यहां का लगभग 35 हजार करोड़ रुपये का टर्नओवर एवं हजारों करोड़ रुपये का निर्यात इसकी औद्योगिक क्षमता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यहां के उद्यमियों की कार्यक्षमता और दूरदर्शिता ने भीलवाड़ा को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि भीलवाड़ा की रेल एवं एयर कनेक्टिविटी को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक सहयोग प्रदान करें। सांसद ने कहा कि हमीरगढ़ हवाई पट्टी के विकास एवं एयर कनेक्टिविटी स्थापित होने से जिले के उद्योग, व्यापार और निर्यात क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी। सांसद अग्रवाल ने आग्रह किया कि मेगा टेक्सटाईल पार्क के लिए भीलवाड़ा को प्राथमिकता मिले। उन्होंने विशेष रूप से टेक्निकल टेक्सटाईल एवं चैलेंजिंग मोड आधारित पार्क के लिए भीलवाड़ा को सर्वाधिक उपयुक्त बताते हुए केंद्रीय मंत्री से सहयोग का आग्रह किया। Bhilwara Mega Textile Park
कार्यक्रम में फैडरेशन के संस्थापक सदस्यों एवं उद्योगपतियों ने भी भीलवाड़ा के औद्योगिक विकास, निर्यात संभावनाओं तथा आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर अपने विचार रखे।
हमीरगढ़ हवाई पट्टी पर एयर कनेक्टिविटी संभावनाओं का लिया जायजा
इससे पूर्व भारत सरकार के केंद्रीय कानून एवं न्याय तथा संसदीय कार्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने हमीरगढ़ हवाई पट्टी का अवलोकन किया तथा वहां की वर्तमान व्यवस्थाओं एवं क्षेत्रीय एयर कनेक्टिविटी की संभावनाओं की जानकारी ली। Hamirgarh airstrip Bhilwara
सांसद श्री दामोदर अग्रवाल ने केंद्रीय मंत्री को भीलवाड़ा की औद्योगिक एवं व्यापारिक महत्ता से अवगत कराते हुए कहा कि बेहतर एयर कनेक्टिविटी विकसित होने से उद्योग, व्यापार, निवेश एवं निर्यात गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने कहा कि भीलवाड़ा जैसे औद्योगिक जिले में आधारभूत सुविधाओं एवं कनेक्टिविटी का विस्तार आवश्यक है तथा केंद्र सरकार इस दिशा में सकारात्मक प्रयास करेगी।
दौरे के दौरान जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू ने हवाई पट्टी की वर्तमान व्यवस्थाओं एवं संभावित विकास कार्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर ड्यून्स एविएशन अकादमी के अकाउंटेबल मैनेजर श्री मुकेश माथुर, सीएसओ श्री जितेन्द्र चौधरी एवं फ्लाइट इंस्ट्रक्टर कैप्टन पुगा ने भी प्रशिक्षण गतिविधियों से संबंधित जानकारी साझा की।
