हरियाणा में मशरूम की खेती बढ़ाएगी आमदनी, कम जमीन में ऐसे तैयार होगी फसल ?

 | 
हरियाणा में मशरूम की खेती बढ़ाएगी आमदनी, कम जमीन में ऐसे तैयार होगी फसल ?

Udaipur Times, New Delhi : धान और गेहूं की परंपरागत खेती के बीच सर्दियों का मौसम किसानों के लिए आमदनी का एक अतिरिक्त विकल्प लेकर आता है। यह विकल्प है सफेद बटन मशरूम की खेती। खास बात यह है कि इसके लिए बड़े खेत या अधिक कृषि भूमि की जरूरत नहीं होती। किसान अपने घर के खाली कमरे, शेड अथवा कम लागत वाली झोपड़ी में भी इसका उत्पादन कर सकते हैं। 

हरियाणा में पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, सोनीपत, अंबाला और हिसार सहित कई क्षेत्रों में मौसमी बटन मशरूम की खेती की संभावनाएं हैं। सर्दियों में अनुकूल तापमान मिलने से उत्पादन खर्च भी नियंत्रित रखा जा सकता है। मशरूम की खेती शुरू करने से पहले किसान को उत्पादन के साथ खाद, बीज, श्रम, पैकिंग और बिक्री की पूरी योजना तैयार करनी चाहिए। केवल पैदावार अधिक लेना ही मुनाफे की गारंटी नहीं है, बल्कि तैयार मशरूम को समय पर बाजार तक पहुंचाना भी उतना ही जरूरी है।

बिजाई के एक माह बाद शुरू हो जाता है उत्पादन

उत्तर-पश्चिमी मैदानी क्षेत्रों में बटन मशरूम की मौसमी खेती सर्दियों में की जाती है। इसकी तैयारी वैसे तो सितंबर-अक्टूबर में शुरू कर देनी चाहिए। लेकिन फरवरी से मार्च तक इस खेती को किया जा सकता है। इसके लिए गेहूं या धान का भूसा, मुर्गी की खाद, जिप्सम और अन्य जरूरी पोषक तत्वों से कंपोस्ट तैयार की जाती है। तैयार खाद में अच्छी गुणवत्ता का मशरूम स्पान (बीज) मिलाया जाता है। इसके बाद खाद को ट्रे या रैक में भरकर मशरूम का बीज फैलने दिया जाता है। लगभग 12 से 14 दिन में खाद में बीज का फैलाव पूरा होने लगता है। इसके बाद 3 से 4 सेंटीमीटर मोटी केसिंग मिट्टी की परत बिछाई जाती है। इससे मशरूम में फलन शुरू होता है।

एक क्विंटल खाद से 18 से 20 किलो तक उत्पादन

राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड के तकनीकी मानकों के अनुसार 100 किलो ताजा कंपोस्ट से औसतन 18 से 20 किलो मशरूम प्राप्त किया जा सकता है। अच्छी गुणवत्ता वाली कंपोस्ट और बेहतर प्रबंधन से पैदावार बढ़ाई जा सकती है। केसिंग के लगभग तीन सप्ताह बाद पहली फसल मिलने लगती है।

झोपड़ी से लेकर ट्रे तक मिल रही सरकारी मदद

हरियाणा सरकार किसानों को अनुदान दे रही है। मौसमी मशरूम उत्पादन के लिए 30 हजार रुपये की निर्धारित लागत वाली फूस की झोपड़ी के निर्माण पर सामान्य वर्ग को 75% यानी 22,500 रुपये और अनुसूचित वर्ग को 85% यानी 25,500 तक सहायता का प्रावधान है। बटन मशरूम की ट्रे पर 300 रुपये की लागत के आधार पर सामान्य वर्ग को 225 और अनुसूचित वर्ग को 255 रुपये तक सहायता दी जा रही है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News