उदयपुर में अच्छी बारिश की कामना: राजमाली समाज की महिलाओं ने इंद्रदेव को मनाने के लिए फोड़ी मटकियां

 | 
Udaipur

 

Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर में मानसून सक्रिय होने के बावजूद मेवाड़ क्षेत्र में उम्मीद के मुताबिक बारिश नहीं होने से लोगों में चिंता का माहौल है। अच्छी वर्षा की कामना को लेकर शुक्रवार शाम उदयपुर के भोईवाड़ा स्थित राजमाली समाज की महिलाओं ने वर्षों पुरानी लोक परंपरा का निर्वहन करते हुए इंद्रदेव को प्रसन्न करने के लिए अनोखा धार्मिक आयोजन किया। 

समाज की महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर मटकियां लेकर गणगौर घाट पहुंचीं। यहां उन्होंने सरोवर की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की, इंद्रदेव से क्षेत्र में अच्छी बारिश की प्रार्थना की तथा घूघरी का भोग अर्पित किया। पूजा के बाद महिलाएं भजन-कीर्तन और जयघोष के साथ जुलूस के रूप में शहर के प्रमुख बाजारों से होकर निकलीं। 

जुलूस के दौरान महिलाओं ने रास्ते में खुली दुकानों और मंदिरों के सामने अपनी मटकियां फोड़ीं। अचानक मटकियां फूटने की आवाज से कई दुकानदार चौंक गए और कुछ दूरी पर हट गए, जबकि कई व्यापारियों ने परंपरा को देखते हुए पहले से ही अपनी दुकानें बंद कर दी थीं। इस दौरान बाजार में लोगों की भीड़ जुट गई और कई लोगों ने इस अनोखी परंपरा को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया।

राजमाली समाज की महिलाओं के अनुसार यह परंपरा कई वर्षों से निभाई जा रही है। लोकमान्यता है कि दुकानों के सामने मटकियां फोड़ने पर दुकानदारों की नाराज़गी और उनसे निकले शब्द इंद्रदेव तक पहुंचते हैं। मान्यता के अनुसार, इससे इंद्रदेव प्रसन्न या क्रोधित होकर झमाझम वर्षा करते हैं, जिससे क्षेत्र में सुख-समृद्धि आती है और किसानों की फसलें अच्छी होती हैं।

समाज की महिलाओं ने बताया कि यह आयोजन केवल आस्था और लोकविश्वास का प्रतीक है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News