1073 करोड़ के निवेश से 11 उद्यमी यहां लगाएंगे नए प्लांट, हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार
Udaipur Times, New Industrial Plant : रोजगार की तलाश कर रहें लोगों के लिए अच्छी खबर है। फर्रुखाबाद में ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी) को लेकर जिला उद्योग केंद्र ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मिली जानकारी के अनुसार, जनपद में 11 उद्यमियों ने उद्योग लगाने के लिए निवेश साथी पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराया है। इन परियोजनाओं में 1073 करोड़ का निवेश किया जाएगा। उद्योग लगने से 1300 लोगों को रोजगार मिलेगा।
जानकारी के मुताबिक, ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी) का उद्देश्य निवेश को बढ़ावा देना, उद्योगों की स्थापना करना और रोजगार के अवसर पैदा करना है। प्रदेश का युवा रोजगार के लिए दूसरे प्रांतों में न जा सके, इसलिए सरकार जीबीसी के माध्यम से उद्यमियों से एमओयू (समझौता) कर रही है। इसके लिए उद्यमी को निवेश साथी पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना होता है।
मिली जानकारी के अनुसार, समझौता होने के बाद उद्यमी उद्योग की स्थापना करता है तो उसे स्टांप ड्यूटी में छूट, विभिन्न उद्योगों में 15 से 20 प्रतिशत अनुदान के साथ ही अन्य लाभ मिलते हैं। जिला उद्योग केंद्र के उद्यमी मित्र सत्यम शुक्ल ने बताया कि जीबीसी के तहत निवेश साथी पोर्टल पर जनपद में टूरिस्ट, डेयरी, कोल्ड स्टोरेज, उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) व सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र में 11 उद्यमियों ने रजिस्ट्रेशन किया है।