1.80 लाख करोड़ के निवेश से अडानी ग्रुप यहां लगाने जा रहा है दो न्यूक्लियर पावर प्लांट, हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार

 | 
1.80 लाख करोड़ के निवेश से अडानी ग्रुप यहां लगाने जा रहा है दो न्यूक्लियर पावर प्लांट, हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार

Two nuclear power plants in UP : उत्तर प्रदेश के ऊर्जा, रक्षा उत्पादन और औद्योगिक क्षेत्रों में बड़े बदलाव होने वाले हैं। अडानी समूह ने राज्य सरकार को दो परमाणु ऊर्जा संयंत्र (न्यूक्लियर पावर प्लांट) स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है, जिसमें लगभग 1.80 लाख करोड़ रुपये का निवेश होने का अनुमान है। इसके अलावा, लगभग 1 लाख करोड़ रुपये के निवेश से एक 'कोल गैसीफिकेशन' (कोयला गैसीकरण) परियोजना शुरू करने की भी योजना है। 

बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद

अडानी समूह की इन पहलों से राज्य में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। समूह के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आनंद सिंह बिसेन जो लखनऊ विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र भी हैं और वहां दीक्षांत समारोह में शामिल होने आए थे उन्होंने पुष्टि की कि परमाणु ऊर्जा संयंत्रों का प्रस्ताव राज्य सरकार को सौंप दिया गया है। प्रत्येक संयंत्र की लागत लगभग 90,000 करोड़ रुपये होने का अनुमान है। समूह ने सरकार से उपयुक्त जमीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है, जिसमें उन जगहों को प्राथमिकता देने को कहा गया है जहां पानी की उपलब्धता हो।

कानपुर में 3,000 करोड़ रुपये के प्रोपेलेंट संयंत्र की योजना

रक्षा उत्पादन क्षेत्र में, कानपुर में मौजूद गोला-बारूद निर्माण इकाई का विस्तार किया जाएगा। समूह लगभग 3,000 करोड़ रुपये के निवेश से एक 'प्रोपेलेंट' (ईंधन/विस्फोटक सामग्री) निर्माण संयंत्र स्थापित करने की तैयारी कर रहा है। इस इकाई में विभिन्न प्रकार के रक्षा उत्पादों में इस्तेमाल होने वाले प्रोपेलेंट का निर्माण किया जाएगा। कानपुर में मौजूद गोला-बारूद संयंत्र अभी छोटे हथियारों के लिए गोला-बारूद बनाता है, जबकि अब इसके उत्पादन का विस्तार करके इसमें मध्यम और लंबी दूरी के हथियारों के लिए भी सामग्री बनाने की तैयारी चल रही है। 

समूह की 1 लाख करोड़ रुपये की प्रस्तावित कोल गैसीफिकेशन परियोजना भी राज्य के लिए एक बड़ा निवेश साबित हो सकती है। इस परियोजना में कोयले का उपयोग करके ईंधन, अमोनिया, नाइट्रोजन और उर्वरक जैसे उत्पाद बनाए जाएंगे। आनंद सिंह का कहना है कि इससे आयात पर निर्भरता कम होगी और जरूरी औद्योगिक उत्पादों का घरेलू स्तर पर निर्माण आसान हो जाएगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News