6700 करोड़ के निवेश से यहां बनेगा नया इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग हब, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार

 | 
6700 करोड़ के निवेश से यहां बनेगा नया इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग हब, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार

Udaipur Times, Gautam Buddha Nagar to become an electronics hub : उत्तर प्रदेश का गौतमबुद्ध नगर अब इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग (Electronics Manufacturing) का बड़ा केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र के सेक्टर-8 और सेक्टर-10 में प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (PCB) निर्माण की दो मेगा परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इन दोनों परियोजनाओं में कुल 6,780 करोड़ रुपये का निवेश होगा।

इन नई इकाइयों के शुरू होने से भारत की चीन पर PCB आयात की निर्भरता कम होगी। वर्तमान में देश की कुल PCB जरूरत का करीब 95 प्रतिशत हिस्सा चीन से आयात किया जाता है। नई फैक्ट्रियों और सेमीकंडक्टर परियोजनाओं के विस्तार के बाद भारत आत्मनिर्भर बनने की दिशा में बड़ी छलांग लगाएगा।

इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस (Electronic device) की 'रीढ़' है PCB

PCB उद्योग से जुड़े उद्यमी विनीत गोयल के अनुसार, प्रिंटेड सर्किट बोर्ड किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की जीवनरेखा होता है। यह इलेक्ट्रॉनिक सिग्नल को रूट करता है, सभी कंपोनेंट्स को जोड़ता है और डिवाइस की कार्यक्षमता सुनिश्चित करता है। ऑटोमोबाइल, टेलीकॉम, कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स, मेडिकल डिवाइस और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे लगभग हर क्षेत्र में PCB की अहम भूमिका होती है।

इलेक्ट्रॉनिक्स हब (Electronics Hub) बन रहा गौतमबुद्ध नगर

गौतमबुद्ध नगर पहले ही देश के प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (ESDM Hub) के रूप में उभर चुका है। दिल्ली से नजदीकी, एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी, आधुनिक औद्योगिक ढांचा, कुशल कार्यबल और सरकार की ESDM नीति ने इसे निवेशकों की पहली पसंद बना दिया है।

हजारों रोजगार के अवसर

उद्योग विभाग के अधिकारियों के मुताबिक नई PCB निर्माण इकाइयों के आने से जिले में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर पैदा होंगे। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक्स से जुड़े सहायक उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा।

सरकार का लक्ष्य यमुना प्राधिकरण क्षेत्र को सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित करना है, ताकि गौतमबुद्ध नगर केवल आईटी और रियल एस्टेट ही नहीं बल्कि हाई-टेक इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन का भी राष्ट्रीय केंद्र बन सके।

ग्लोबल सप्लाई चेन (Global supply chain) में बढ़ेगी भारत की हिस्सेदारी

विशेषज्ञों का मानना है कि सेमीकंडक्टर मिशन के साथ PCB निर्माण क्षमता बढ़ने से भारत वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स सप्लाई चेन में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करेगा। इससे चीन पर निर्भरता कम होगी और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में नई पहचान बनाएगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News