राइफल शूटिंग में जीते 3 गोल्ड, पहले ही प्रयास में बनीं IAS; जाने DM मेधा रूपम की कहानी ?
Udaipur Times, Success Story IAS Medha Roopam : उत्तर प्रदेश कैडर की 2014 बैच की IAS अधिकारी मेधा रूपम (Medha Roopam) इन दिनों गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) की जिलाधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभा रही हैं। हाल ही में उन्होंने 11 दिव्यांगजनों को लीगल गार्जियनशिप सर्टिफिकेट जारी करने की मंजूरी देकर चर्चा बटोरी। प्रशासनिक दक्षता के साथ-साथ मेधा रूपम अपनी प्रेरणादायक सफलता की कहानी के लिए भी जानी जाती हैं।

नेशनल लेवल की राइफल शूटर रह चुकी हैं मेधा रूपम
मेधा रूपम (Medha Roopam) का जन्म साल 1990 में उत्तर प्रदेश के आगरा में हुआ। उनकी शुरुआती पढ़ाई केरल में हुई। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित सेंट स्टीफेंस कॉलेज से अर्थशास्त्र (ऑनर्स) में स्नातक किया।
पढ़ाई के साथ-साथ वह खेलों में भी सक्रिय रहीं। मेधा राष्ट्रीय स्तर की राइफल शूटर रह चुकी हैं। उन्होंने केरल स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में तीन स्वर्ण पदक जीते और वर्ष 2009 की राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में भी हिस्सा लिया।

पहले ही प्रयास में बनीं IAS
मेधा रूपम (Medha Roopam) ने साल 2013 की UPSC सिविल सेवा परीक्षा अपने पहले ही प्रयास में पास कर ऑल इंडिया रैंक (AIR) 10 हासिल की। इसके बाद उन्हें उत्तर प्रदेश कैडर मिला और उन्होंने बरेली में असिस्टेंट मजिस्ट्रेट के रूप में अपने प्रशासनिक करियर की शुरुआत की।
कई जिलों में निभाई अहम जिम्मेदारी
बरेली के बाद मेधा रूपम ने मेरठ, उन्नाव, लखनऊ और बाराबंकी सहित कई जिलों में विभिन्न प्रशासनिक पदों पर कार्य किया। वह हापुड़ और कासगंज की जिलाधिकारी भी रह चुकी हैं।
नोएडा की डीएम बनने से पहले वह ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GNIDA) में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) के पद पर तैनात थीं। इस दौरान उन्होंने जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट और फिल्म सिटी जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की योजना और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में अहम भूमिका निभाई।

जुलाई 2025 में बनीं नोएडा की जिलाधिकारी
जुलाई 2025 में मेधा रूपम ने गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी का पदभार संभाला। वर्तमान में वह जिले में प्रशासनिक सुधार, जनकल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रही हैं।
पूर्व IAS अधिकारी की बेटी हैं मेधा रूपम
मेधा रूपम (Medha Roopam) के पिता ज्ञानेश कुमार 1988 बैच के केरल कैडर के पूर्व IAS अधिकारी हैं। वर्तमान में वह भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त (Chief Election Commissioner) के रूप में कार्यरत हैं।

11 दिव्यांगों को मिली लीगल गार्जियनशिप
हाल ही में नोएडा की डीएम मेधा रूपम ने 11 दिव्यांग व्यक्तियों को लीगल गार्जियनशिप सर्टिफिकेट जारी करने की मंजूरी दी, जिससे जरूरतमंद परिवारों को कानूनी सहायता और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलेगी।
