हरियाणा में घर-दुकान का नक्शा पास कराने के लिए अब नहीं काटने पड़ेंगे चक्कर ! जाने सरकार का नया प्लान ?
Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही है। प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में मकान या दुकान का नक्शा पास कराने के लिए अब लोगों को नगर निगमों और नगर परिषदों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। राज्य सरकार शहरी निकायों की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और आसान बनाने जा रही है। इसके तहत अब नक्शा पास कराने की पूरी प्रणाली को सेल-सर्टिफिकेशन (आत्मानुप्रमाणित) मोड पर शिफ्ट किया जा रहा है।
शुरुआती चरण में प्रदेश के सभी 87 निकायों में इन नए नियमों को लागू करने की तैयारी अंतिम दौर में है। पोर्टल का नया वर्जन तैयार किया जा रहा है, जिसे नेशनल इन्फॉर्मेटिक्स सेंटर (एनआईसी) व आईटी विभाग की मदद से अपग्रेड किया जा रहा है। नगर निगम रोहतक के कमिश्नर सत्येंद्र दुहन ने बताया कि गलत जानकारी देने या नियमों के उल्लंघन पर आर्किटेक्ट और मकान मालिक दोनों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस डिजिटल व्यवस्था में केवल नक्शा ही नहीं, बल्कि निर्माण पूरा होने के बाद मिलने वाला ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट और कंपलीशन सर्टिफिकेट भी ऑनलाइन ही जारी किए जाएंगे।
ऐसे काम करेगा सेल-सर्टिफिकेशन मॉडल
आर्किटेक्ट की जिम्मेदारी तय: नए नियमों के तहत पंजीकृत (रजिस्टर्ड) आर्किटेक्ट या टाउन प्लानर द्वारा तैयार किए गए नक्शे को पोर्टल पर अपलोड करना होगा।
पोर्टल से तुरंत अप्रूवल: यदि जमा किया नक्शा भवन उप-नियमों (बिल्डिंग बायलॉज) के अनुसार सही पाया जाता है, तो आवेदक को पोर्टल से तुरंत प्रोविजनल अप्रूवल मिल जाएगा।
डिजिटल भुगतान सुविधा: नक्शा पास कराने की निर्धारित फीस का भुगतान भी निकाय के पोर्टल के जरिए ऑनलाइन ही जमा किया जा सकेगा।
रैंडम चेकिंग की व्यवस्था: नक्शा पास होने के बाद टीम रैंडम आधार पर मौके का निरीक्षण करेगी।
