1st ऑल इंडिया फायर सर्विस स्पोर्ट्स एंड मीट – 2026 का आगाज

राजस्थानी संस्कृति की रंगीन छटा में सरोबार हुआ उद्घाटन समारोह

 | 
Cabinet Minister Babulal Kharadi inaugurating the 1st All India Fire Service Sports & Meet 2026 at Field Club Udaipur

कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने मशाल प्रज्ज्वलित कर किया शुभारंभ रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समा

उदयपुर 27 जनवरी 2026 -  ऑल इंडिया फायर सर्विस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के तत्वावधान में आयोजित “1st ऑल इंडिया फायर सर्विस स्पोर्ट्स एंड मीट – 2026” का भव्य एवं ऐतिहासिक शुभारंभ मेवाड़ की पावन धरा उदयपुर के फील्ड क्लब परिसर में हुआ। यह प्रतियोगिता आज़ाद भारत के इतिहास में पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर अग्निशमन सेवाओं से जुड़े अधिकारी एवं कार्मिकों के लिए आयोजित की जा रही है, जिससे उदयपुर ने एक बार फिर राष्ट्रीय पटल पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है।

इस ऐतिहासिक आयोजन का विधिवत शुभारंभ राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी द्वारा पारंपरिक विधि से मशाल प्रज्ज्वलित कर किया गया। मशाल जलते ही पूरे परिसर में जोश, उत्साह और राष्ट्रसेवा की भावना का संचार हो गया। उद्घाटन समारोह राजस्थानी संस्कृति की थीम पर आधारित रहा, जिसमें लोक नृत्य, लोक संगीत और पारंपरिक वेशभूषा ने सभी का मन मोह लिया।

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि शुभारंभ अवसर पर उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरामानी, डीजी फायर सर्विस झारखंड एम. एस. भाटिया, मुख्य न्यायाधीश ज्ञान प्रकाश, जिला कलेक्टर नमित मेहता, गृह मंत्रालय भारत सरकार के फायर एडवाइजर प्रशांत लोंनकर, समाजसेवी गजपाल सिंह राठौड़, रविन्द्र श्रीमाली, प्रमोद सामर, निवर्तमान उप महापौर पारस सिंघवी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, राजस्थान के समस्त मुख्य अग्निशमन अधिकारी, खेल प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Fire Team Udaipur

मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने बताया कि उद्घाटन समारोह में राजस्थानी लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत कालबेलिया, घूमर, चरी नृत्य एवं पारंपरिक संगीत ने समां बांध दिया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे कलाकारों की प्रस्तुतियों ने मेहमानों का मन मोह लिया और पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अतिथियों को राजस्थान की समृद्ध लोक परंपरा एवं सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया गया।

सुबह से देर रात तक आयोजित हुए रोचक मुकाबले। मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने बताया कि मंगलवार को अग्निशमन कर्मियों के बीच लवकुश स्टेडियम एवं खेल गांव में मुकाबले आयोजित हुए जो देर रात तक चलते रहे।

मुकाबलों में रोमांचक मुकाबला स्टेयर रेस को लेकर हुआ जिसमें अग्निशमन कार्मिक को 23 मंजिला इमारत पर सीढ़ियों से चढ़ना होता है। स्टेयर रेस में 18 प्लस उम्र वर्ग में अक्षय कुमार को गोल्ड, नवीन को सिल्वर, चेतन सखाराम बागुल को कांस्य, 18 प्लस महिला में उन्नति अजय को गोल्ड, सरिता को सिल्वर, डिंपल को ब्रोंज, 30 प्लस उम्र वर्ग में सचिन को गोल्ड, विकास को सिल्वर, अनिल कांडे को ब्रोंज, 35 प्लस उम्र वर्ग में अमरजीत को गोल्ड, गोविंद बाबासाहेब बिजलेको सिल्वर, विजेंदर सिंह को कांस्य, 40 प्लस उम्र वर्ग में नीरज को गोल्ड, बिनोद को सिल्वर, जोगिंदर सिंह को कांस्य, 45 प्लस उम्र वर्ग में शरद को गोल्ड, मुकेश को सिल्वर, अभिलाष को ब्रोंज, 50 प्लस उम्र वर्ग में संजय कुमार को गोल्ड, मोहन को सिल्वर, राजीवन को कांस्य पदक से नवाजा गया वही 55 प्लस उम्र वर्ग में दिनेश चंद को गोल्ड, दीपक को सिल्वर एवं विनोद कुमार को कांस्य पदक से नवाजा गया। 26 जनवरी से 31 जनवरी तक चलेंगी प्रतियोगिताएं। सहायक अग्निशमन अधिकारी नवदीप सिंह बग्गा के अनुसार यह राष्ट्रीय खेल महाकुंभ 26 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।

प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न खेल स्पर्धाओं में देशभर से आए अग्निशमन अधिकारी एवं कार्मिक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। पहले ही दिन कई मुकाबले आयोजित हुए, जिनमें खिलाड़ियों ने अद्भुत कौशल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। दर्शकों में इन मुकाबलों को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। इस प्रतियोगिता में देश के सभी 28 राज्यों एवं 8 केंद्र शासित प्रदेशों से अग्निशमन सेवाओं से जुड़े अधिकारी एवं कार्मिक भाग ले रहे हैं। इसके अतिरिक्त कई प्रमुख राष्ट्रीय संस्थानों की फायर सर्विस इकाइयों की सहभागिता ने इस आयोजन को अखिल भारतीय स्वरूप प्रदान किया है। इनमें डिफेंस फायर सर्विस, नेवल डॉकयार्ड, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI), डीआरडीओ (DRDO) तथा रक्षा अकादमी के फायर सर्विस कार्मिक शामिल हैं।

प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, आर्म रेसलिंग, बैडमिंटन, क्रिकेट, लॉन टेनिस, मस्टर, सीढ़ी दौड़, टेबल टेनिस सहित कई खेल स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। प्रत्येक खेल में प्रतिभागी अपने शारीरिक सामर्थ्य, मानसिक दृढ़ता और टीम भावना का प्रदर्शन कर रहे हैं। स्थानीय खिलाड़ियों को भी मिला अवसर इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उदयपुर एवं राजस्थान के खिलाड़ियों की भी उल्लेखनीय भागीदारी है। स्थानीय खिलाड़ियों को देशभर से आए प्रतिभागियों के साथ प्रतिस्पर्धा का अवसर मिलना उनके लिए प्रेरणादायी साबित हो रहा है। इससे न केवल खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा, बल्कि अग्निशमन सेवाओं में खेल संस्कृति को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

आयोजन का उद्देश्य। इस राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य अग्निशमन कार्मिकों में शारीरिक दक्षता, मानसिक सुदृढ़ता, अनुशासन, आपसी समन्वय एवं खेल भावना को बढ़ावा देना है। अग्निशमन सेवाएं देश की सुरक्षा व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जहां कर्मियों को हर परिस्थिति में त्वरित निर्णय, साहस और टीमवर्क की आवश्यकता होती है। खेल प्रतियोगिताएं इन गुणों को निखारने में अहम भूमिका निभाती हैं। साथ ही, इस आयोजन के माध्यम से समाज में अग्निशमन सेवाओं के प्रति सम्मान, जागरूकता और प्रेरणा का संदेश भी दिया जा रहा है।

आमजन को यह समझाने का प्रयास किया जा रहा है कि अग्निशमन कार्मिक केवल आग बुझाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे हर आपदा में जान की बाजी लगाकर लोगों की रक्षा करते हैं। सेवानिवृत्त अग्निशमन कार्मिक का किया सम्मान। मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने बताया कि फील्ड क्लब में आयोजित कार्यक्रम में सेवानिवृत्त अग्निशमन अधिकारी एवं कर्मचारीयो का सम्मान भी किया गया। सेवानिवृत्ति कर्मचारियों द्वारा किए गए साहसिक कार्यों के चलते उनको सम्मानित किया गया था।

#UdaipurNews #UdaipurSports #RajasthanNews #RajasthanSports #UdaipurEvents #MewarNews #UdaipurUpdates #RajasthanGovernment #UdaipurFieldClub

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News