उदयपुर में लेपर्ड के हमले में 2 साल की बच्ची की मौत

छत से आंगन में छलांग लगाकर किया हमला,गांव में दहशत

 | 
2 year old girl dies in leopard attack in Udaipur

 

Udaipur Times, Leopard Attack: उदयपुर जिले में लेपर्ड के हमले में 2 साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। बच्ची घर के आंगन में खेल रही थी, तभी लेपर्ड ने छत से छलांग लगाकर उस पर हमला कर दिया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर परिजन दौड़कर बाहर आए, लेकिन तब तक लेपर्ड भाग चुका था। परिजन लहूलुहान हालत में बच्ची को एमबी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे उदयपुर शहर से 25 किलोमीटर दूर गिर्वा पंचायत समिति क्षेत्र की लकड़वास ग्राम पंचायत के धामधर गांव में हुई। गांव पहाड़ी इलाके के पास बसा है। पहाड़ी से सटे सुरेश मीणा के घर में उनकी बेटी नीलम उर्फ नगीना (2) आंगन में खेल रही थी। इस दौरान उसकी मां घर के अंदर खाना बना रही थी।

बच्ची के चाचा रमेश मीणा के अनुसार, अचानक लेपर्ड ने छत से छलांग लगाकर बच्ची पर हमला कर दिया। उसकी चीख सुनकर मां और परिवार के अन्य सदस्य बाहर पहुंचे तो बच्ची खून से लथपथ पड़ी थी। परिजन उसे तुरंत एमबी अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दो पिंजरे और पांच ट्रैप कैमरे लगाए

घटना की सूचना पर वन विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। गिर्वा तहसीलदार गणेश कुमार विजयवर्गीय और सहायक वन संरक्षक राजेंद्र सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया।

सहायक वन संरक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया, "गांव के पास झामरकोटड़ा का पहाड़ी इलाका और जंगल है। मकान के आसपास दो पिंजरे और पांच ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं, ताकि लेपर्ड की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।"

रात 12 बजे फिर दिखा लेपर्ड का मूवमेंट

ग्रामीणों के अनुसार, गुरुवार रात करीब 12 बजे गांव में फिर लेपर्ड की हलचल दिखाई दी। वह झाड़ियों से होते हुए पहाड़ी की तरफ चला गया। वन विभाग की टीम पिंजरों और कैमरों के जरिए लगातार निगरानी कर रही है।

घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने रातभर जागकर समय बिताया और मौके पर पहुंची वन विभाग व प्रशासन की टीम के सामने आक्रोश जताया। ग्रामीणों ने लेपर्ड को जल्द पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

बच्ची के पिता सुरेश मीणा झामरकोटड़ा स्थित एक फैक्ट्री में हेल्पर का काम करते हैं। परिवार में नीलम का एक 7 साल का भाई भी है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News