नेपाल हिंसा में फंसे उदयपुर के 35 से अधिक लोग

भाजपा नेता अनिल सिंघल का परिवार भी शामिल
 | 
"नेपाल में बढ़ती हिंसा के बीच उदयपुर के 35 से अधिक लोग फंसे, जिनमें भाजपा नेता अनिल सिंघल का परिवार भी शामिल है। यात्री होटल में सुरक्षित रहते हुए भारतीय दूतावास से लगातार संपर्क में हैं।"

उदयपुर 10 सितंबर 2025। नेपाल में बढ़ती हिंसा के बीच उदयपुर के 35 से अधिक लोग फंसे हुए हैं। इनमे भाजपा नेता अनिल सिंघल का परिवार भी शामिल है। 

फंसे हुए भगवतीलाल मेनारिया ने अपनी आपबीती साझा करते हुए बताया, "हम भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन कर चुके थे, लेकिन जैसे ही हम होटल पहुंचे और अगले प्लान की तैयारी कर रहे थे, हमें खबर मिली कि यहां बवाल हो गया है और बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। एक बार तो हम सब घबरा गए।" उन्होंने आगे कहा, "कुछ ही समय में पूरे नेपाल का माहौल बदल गया। इसलिए हमने बाहर निकलने की बजाय होटल में ही रुकना बेहतर समझा। हम आज भी यहीं हैं और भारतीय दूतावास से लगातार संपर्क में हैं।"

भाजपा नेता अनिल सिंघल ने कहा, "हमने अपनी आंखों के सामने प्रदर्शन और आग लगने की घटनाएं देखीं। हमारे सामने ही एक होटल को आग के हवाले कर दिया गया।"

यात्रियों ने कहा, "हम स्थिति सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं और इसके बाद ही वहां से निकलेंगे। हमने अपनी आंखों के सामने पूरी घटनाएं होटल से देखीं और इस खराब माहौल में बाहर आना उचित नहीं समझा।"

भगवतीलाल मेनारिया ने बताया, "उदयपुर के 31 सदस्यीय दल नेपाल के एक होटल में सुरक्षित हैं। उनके साथ उनके परिवार के लोग और उदयपुर के पानेरियों की मादड़ी व खरबड़िया के रिश्तेदार भी हैं, और वे अभी काठमांडू में ही हैं।"

मेनारिया ने बताया, "हमने मंगलवार सुबह 8 बजे पशुपतिनाथ के दर्शन किए और दोपहर 12 बजे होटल लौट आए। इसके बाद हमारे क्षेत्र में स्थिति बिगड़ गई। हम 3 सितंबर को उदयपुर से वाराणसी, अयोध्या, प्रयागराज होते हुए नेपाल पहुंचे थे। हमारी योजना थी कि 18 सितंबर को कलकत्ता, गंगासागर व बिहार होते हुए उदयपुर लौटें, लेकिन फिलहाल हम नेपाल में फंसे हुए हैं।"

मेनारिया ने बताया, "हम भारतीय दूतावास से लगातार संपर्क में हैं। वहां से हमें यही सलाह मिली है कि हम वहीं रुके रहें और स्थिति सामान्य होने का इंतजार करें। फिलहाल हम सभी होटल में ही हैं और हालात सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं। वहां जयपुर और भीलवाड़ा के लोग भी मौजूद हैं।"

#NepalCrisis #UdaipurNews #NepalViolence #BreakingNews #AnilSinghal #Kathmandu #RajasthanNews #IndiansInNepal #UdaipurTimes