उदयपुर में डंपिंग यार्ड के जहरीले धुएं से 350 परिवार परेशान, कलेक्ट्रेट और नगर निगम में प्रदर्शन

 | 
Dumping Yard Issue

 

Udaipur Times, Udaipur News: शहर के बलीचा स्थित डंपिंग यार्ड में कचरा जलाने से निकलने वाले धुएं और बदबू से दीनदयाल नगर के करीब 350 परिवार परेशान हैं। डंपिंग यार्ड से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित इस कॉलोनी के लोगों के साथ आईआईएम उदयपुर परिसर में रहने वाले लोगों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट और नगर निगम में प्रदर्शन कर समस्या के समाधान की मांग की।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कचरा जलने से निकलने वाले जहरीले धुएं के कारण उन्हें घरों में खिड़की-दरवाजे बंद रखने पड़ते हैं। बाहर निकलते समय मास्क लगाना पड़ता है। कई बार कचरा उड़कर घरों तक पहुंच जाता है। लोगों का आरोप है कि वे लंबे समय से इस समस्या के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, लेकिन बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

प्रदर्शन में शामिल आईआईएम उदयपुर में रहने वाली प्रज्ञा ने कहा कि कचरा जलाना गैरकानूनी है, लेकिन इसके बावजूद सरकारी परिसर में ऐसा हो रहा है। जहरीले धुएं के कारण बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई करने की मांग की।

प्रदर्शन में शामिल एक महिला ने कहा कि लोगों ने अपनी जमा पूंजी लगाकर घर खरीदे, लेकिन अब उन्हें प्रदूषण के बीच रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस समस्या पर ध्यान देने और राहत दिलाने की अपील की।

आईआईएम परिसर से आई एक अन्य महिला ने आरोप लगाया कि नगर निगम ने करीब डेढ़ साल पहले हाईकोर्ट में कचरा नहीं जलाने की अंडरटेकिंग दी थी, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं किया गया तो उन्हें आंदोलन जारी रखना पड़ेगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News