उदयपुर मे भाजपा के 53 नवनिर्वाचित पार्षदों ने ली पद और गोपनीयता की शपथ
मतगणना केंद्र पहुंचने के बाद भाजपा के नवनिर्वाचित पार्षदों को अपने परिजनों से मुलाकात और बातचीत के लिए महज दो मिनट का समय दिया गया
उदयपुर। नगर निगम चुनाव के परिणामों के बाद भाजपा के सभी 53 नवनिर्वाचित पार्षदों को पार्टी पदाधिकारी बाड़ेबंदी के बाद होटल से बस में बैठाकर सीधे राजस्थान कृषि महाविद्यालय (RCA) स्थित मतगणना स्थल लेकर पहुंचे। मतगणना केंद्र पहुंचने के बाद भाजपा के नवनिर्वाचित पार्षदों को अपने परिजनों से मुलाकात और बातचीत के लिए महज दो मिनट का समय दिया गया। इसके बाद करीब 4 बजे आयोजित कार्यक्रम में सभी 53 पार्षदों को आधिकारिक निर्वाचन प्रमाणपत्र सौंपे गए। प्रमाणपत्र वितरण के बाद नवनिर्वाचित पार्षदों को पद और गोपनीयता की शपथ भी दिलाई गई। इस दौरान पार्टी पदाधिकारी और समर्थक भी मौजूद रहे। इससे पहले कांग्रेस के 23 नवनिर्वाचित पार्षद भी आरसीए मतगणना स्थल पहुंचे थे। कांग्रेस पार्षदों ने भी यहीं आयोजित कार्यक्रम में निर्वाचन प्रमाणपत्र प्राप्त किए और पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। उदयपुर नगर निगम के 80 वार्डों में भाजपा ने 53 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस को 23, माकपा को एक और निर्दलीय प्रत्याशियों को तीन सीटों पर जीत मिली है। भाजपा स्पष्ट बहुमत के साथ नगर निगम में सातवीं बार अपना बोर्ड बनाने जा रही है।