Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर शहर की अम्बावगढ़ पहाड़ी पर स्थित दरगाह हज़रत गंज शहीदा रहमतुल्लाह अलैह के 78वें तीन दिवसीय उर्स मुबारक का आगाज मंगलवार को प्रातः आस्ताना ए आलिया पर व सायं बाद नमाजे असर दरगाह शरीफ के बुलन्द दरवाजे-बाबे हुसैन पर बड़ी धूम-धाम से परचम कुशाई की रस्म के साथ हुआ।
दरगाह कमेटी के मीडिया प्रभारी मोहसिन हैदर ने बताया कि हज़रत गंज शहीदा रहमतुल्लाह अलैह के 78वें उर्स के चलते मंगलवार प्रातः दरगाह शरीफ पर कुरआन ख्वानी का आयोजन किया गया जिसमें शहर भर से लोगों ने व मदरसों के सैंकड़ों बच्चों ने शिरकत कर कलामे पाक की तिलावत की।
सुबह आस्ताना ए आलिया पर परचम कुशाई की रस्म दरगाह कमेटी के सदर गुलाम मोईनुद्दीन क़ादरी राजा भाई, इमाम दरगाह मस्जिद मौलाना बाबुल हुसैन, सैक्रट्री जावेद खान, नफीस खान, इरफान खान छन्नु, मोहम्मद शौकत, साहिल शेख, बिलाल खान, राफे, इंतखाब आलम, नईम खान, मोहम्मद रईस, समदानी, अरबाज खान सहित शहर भर से आए जायरिनों की मौजूदगी में अदा की गई व दिन भर बाबा के अकीदतमंदों का दरगाह पर आना-जाना लगा रहा।
वहीं बाद नमाजे असर दरगाह शरीफ के बुलन्द दरवाजे-बाबे हुसैन पर बड़ी धूम-धाम से परचम कुशाई की रस्म को अदा किया गया जिसमें शहर भर से काफी लोगों ने शिरकत की।
दरगाह कमेटी के सदर गुलाम मोईनुद्दीन क़ादरी राजा ने बताया कि रात्रि बाद नमाजे इशा महफिले मिलाद का आगाज कलामे पाक की तिलावत के साथ हुआ। उसके बाद हम्द, नात व मनकबत शरीफ व तकरीर का दौर चला जिसमें मेहमाने खुसूसी खलीफाए शैखुल इस्लाम सैयद फाजिल मिया मैसूर, जावेद रजा कादरी बासनी-नागौर शरीफ ने अपने अनोखे व प्यारे अंदाज में नातिया कलाम पेश किए व तकरीर सूफी निसार अहमद कादरी बासनी-नागौर शरीफ ने पेश की।
महफिले मिलाद की कयादत दरगाह गंज शहीदा मस्जिद के पेश इमाम मौलाना बाबुल हुसैन ने की। इस अवसर पर शहर काजी-उदयपुर खलीफाए शैखुल इस्लाम हामिद रजा उदयपुरी सहित शहर भर के उलमाए-किराम ने शिरकत की। साथ ही यह भी बताया कि उर्स में शिरकत करते वाले जायरिनों के लिए कमेटी की ओर से लंगर की व्यवस्था की गई है।
दरगाह कमेटी के सैक्रट्री जावेद खान ने बताया कि उर्स के दूसरे दिन 18 नवम्बर बुधवार को आस्तनाए आलिया पर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम व रस्मों को अदा करते हुए रात्रि बाद नमाजे इशा महफिले सिमां का आयोजन किया जाएगा जिसमें दस्तारबंद कव्वाल रफीक मस्ताना वारसी, मस्ताना अखलाक सुलतानी अपने अनोखे रंगे में कव्वाली पेश करेंगे व अजमेर शरीफ से सौहराब अली अजमेरी भी मौजूद रहेंगे व रात्रि 1 बजे सन्दल की रस्म को अदा किया जाएगा वहीं कल 19 नवम्बर गुरूवार को दोपहर बाद नमाज जौहर कुल की महफिल का आयोजन किया जाएगा व सायं बाद नमाजे असर कुल की फातिहा के साथ उर्स का समापन होगा।