महिलाओं को संबल प्रदान करता है अमृता हाट- डॉ.गिरिजा व्यास

महिलाओं को संबल प्रदान करता है अमृता हाट- डॉ.गिरिजा व्यास

संभाग स्तरीय अमृता हाट मेले का शुभारंभ

 
haat

उदयपुर, 24 नवंबर। उदयपुर जिला मुख्यालय के राजकीय फतह उच्च माध्यमिक विद्यालय में संभाग स्तरीय अमृता हाट का शुभारंभ गुरुवार को समारोह पूर्वक हुआ। समारोह की मुख्य अतिथि पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यह मेला महिलाओं को संबल प्रदान करने के साथ उन्हें सशक्त बनाता है व आत्मविश्वास पैदा करता है। डॉ. व्यास ने कहा कि राज्य सरकार इस प्रकार के आयोजनों द्वारा महिला सशक्तिकरण के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने मेले में आए विभिन्न स्वयं सहायता समूह द्वारा बनाए उत्पादों का अवलोकन किया व उनके प्रयासों की सराहना की।
 

महिला एवं बाल विकास उपनिदेशक किर्ति राठौड़ ने कहा कि मेले में विभिन्न प्रकार के हस्तशिल्प एवं हस्तनिर्मित उत्पादों की बिक्री की जायेगी। संभाग स्तरीय मेला 30 नवम्बर तक आयोजित किया जा रहा है। महिला अधिकारिता उपनिदेशक संजय जोशी ने बताया कि मेले में विभिन्न जिलों के महिला स्वयं सहायता समूहों के 120 स्टॉल लगाई गई है। इन स्टॉल्स पर स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पाद जैसे-मुंग, पापड़, मुंगेडी, आम पापड़, दलिया, नमकीन, हींग, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, रेडीमेड गारमेन्ट, श्रृंगार का सामान, मुरब्बा, घर का साज-सज्जा का सामान, टेराकोटा, मीनाकारी, नेट की साडि़यां, मनिहारी, मार्बल की मूर्तियां, जूट का सामान, खाने-पीने का सामान इत्यादि उचित मूल्य पर उपलब्ध रहेगें। मेले में प्रतिदिन वन मिनट शो, पावर व्हील, प्रश्नोत्तरी, विभिन्न आयु वर्ग के लिए प्रतियोगिता का आयोजन, इनामी कूपन, मैजिक शो, सांस्कृतिक कार्यक्रम, कठपुतली, विभिन्न राजकीय योजनाओं के जानकारी के सत्रों का आयोजन विशेष आकर्षक के रूप में आयोजित किये जायेगें।
 

कार्यक्रम में पूर्व विद्यायक त्रिलोक पूर्बिया, समाजसेवी गोपाल कृष्ण शर्मा, संजय भगवानी, गिरिश भारती, राजकीय फतेह उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य चेतन पानेरी ने भी अपने विचार व्यक्त किये। शुभाारंभ समारोह में बाल विकास परियोजना अधिकारी, प्रचेता, महिला पर्यवेक्षक, साथिन, महिला स्वयं सहायता के समूहों की महिलाओं एवं आमजनों ने भाग लिया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन गरिमा उपाधाध्य ने किया। कार्यक्रम में रेजीडेंसी बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की बालिकाओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। अंत में सभी अतिथियों ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ को संदेश देते हस्ताक्षर अभियान के तहत हस्ताक्षर कियें।

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal