उदयपुर अहमदाबाद रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट, बड़े हादसे की आशंका टली

रेलवे प्रबंधन ने इस लाइन पर चलने वाली दोनों ट्रेन को फिलहाल रोक दिया है।
 | 
udaipur ahmedabad track

उदयपुर 13 नवंबर 2022 । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 31 अक्टूबर को लोकार्पण की गई उदयपुर-अहमदाबाद ट्रेन की रेलवे लाइन पर शनिवार रात विस्फोट से उखाड़ने की बड़ी साजिश का मामला  सामने आया है। गौरतलब है कि इस ट्रेक से दिन में 2 बार ट्रेन गुजरती है और धमाके से करीब 4 घंटे पहले ही ट्रैक से ट्रेन गुजरी थी। स्थानीय ग्रामीणों की सजगता से बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

घटना शनिवार देर रात सलूम्बर मार्ग पर केवड़े की नाल में ओड़ा रेलवे पु​ल की है। जहां ग्रामीणों को रात 10 बजे के आसपास धमाके की आवाज सुनाई दी। इसके बाद कुछ युवा तुरंत पटरी पर पहुंचे। वहां कि हालत देख दंग रह गए।

ग्रामीणों ने देखा कि रेलवे लाइन पर बारूद पड़ा है। इसी से रेलवे लाइन को उड़ाने की साजिश की गई। लोहे की रेलवे लाइन कई जगह से टूट चुकी थी। पु​ल पर लाइन से नट-बोल्ट भी गायब मिले। ट्रैक पर लोहे की पतली चादर भी उखड़ी हुई मिली।

ग्रामीणों की सूचना पर रविवार सुबह अधिकारी और पुलिस भी मौके पर पहुंची। प्राथमिक तौर पर पुलिस ने बदमाशों द्वारा इस घटना को अंजाम देना बताया है। हालांकि पुलिस मामले के पीछे कोई बड़ी साजिश की संभावना जताते हुए जांच में जुटी हुई है। लोहे की रेलवे लाइन कई जगह टूट चुकी है ट्रेक क्षतिग्रस्त हो गया है। पु​ल पर लाइन से नट-बोल्ट भी गायब मिले हैं।

रेलवे ने इस लाइन पर दोनों ट्रेन का संचालन रोका

रेलवे प्रबंधन ने इस लाइन पर चलने वाली दोनों ट्रेन को फिलहाल रोक दिया है। रेलवे द्वारा लाइन को सही करने का काम जारी है। ट्रेन वापस कब शुरु होगी, इस बारे में रेलवे अधिकारियों ने फिलहाल कुछ नहीं बताया। इस लाइन से उदयपुर-असारवा ट्रेन रोज शाम 5 बजे रवाना होती है। जो रात 11 बजे आसरवा पहुंचती है। इसी तरह आसरवा-उदयपुर रोज सुबह 6:30 बजे रवाना होकर दोपहर 12:30 उदयपुर सिटी स्टेशन पहुंचती है।

31 अक्टूबर को मोदी ने आसरवा स्टेशन की थी शुरुआत

16 साल के लंबे इंतजार के बाद उदयपुर-अहमदाबाद ट्रेन की शुरुआत पीएम नरेन्द्र मोदी ने 31 अक्टूबर 2022 को आसारवा स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर की थी। उदयपुर सिटी रेलवे स्टेशन से नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद ​कटारिया, उदयपुर सांसद अर्जुनलाल मीणा, चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी और बांसवाड़ा सांसद कनकमल कटारा ने हरी झंडी दिखाई थी।

अधिकारी बोले, साजिश के पीछे कौन, पता करवा रहे

उदयपुर रेलवे एरिया मैनेजर बदरी प्रसाद ने बताया कि उदयपुर-अहमदाबाद लाइन पर दोनों ट्रेन का संचालन बंद कर दिया है। लाइन की मरम्मत जल्द से जल्द कराई जा रही है। साजिश के पीछे कौन है इस बारे में पता लगाया जा रहा है।

जावरमाइंस थानधिकारी अनिल विश्नाई ने बताया कि माइनिंग ब्लास्ट में काम आने वाली सामग्री का उपयोग होना सामने आया है। मौक से ​देशी विस्फोटक सामग्री मिली है। फिलहाल मामले का पता लगा रहे है।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News