कर्फ्यू में ढील के दौरान पटरी पर लौटा शहर
किराणा और खाद्यान्न पदार्थ की दुकानों पर दिखी भीड़
उदयपुर 2 जुलाई 2022 । मंगलवार को हुए नृशंस हत्याकांड के कर्फ्यू की ज़द में रहे शहर के अंदरूनी हिस्सों में आज दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक जैसे ही कर्फ्यू में ढील दी गई। शहर पुनः पटरी पर लौटता दिखाई दिया।
शहर के हाथीपोल, दिल्ली गेट, चमनपुरा, अश्विनी बाजार, धानमंडी, बड़ा बाजार, सूरजपोल,बापू बाजार, मुखर्जी चौक, चेतक सर्कल, अस्थल मंदिर चौराहा, मोती चोहट्टा, सर्राफा बाजार, घंटाघर आदि स्थानों पर लोग अपने ज़रूरी सामानों की खरीददारी करते आये। हालाँकि कई व्यापारियों ने दुकान नहीं खोली। लेकिन अधिकांश बाजार खुले नज़र आये।
बाज़ारो में चहल पहल भी नज़र आई लेकिन लोग ज़रूरी सामान जैसे सब्ज़ी, खाद्य पदार्थ, खाने पीने की दुकानों पर खरीददारी करते नज़र आये। शहर की धानमंडी में अक्सर देहात और गांव के लोग खरीददारी करने आते है। आज कम चहल पहल दिखी हालाँकि खाद्यान्न और तेल बाजार में लोगो की भीड़ दिखी।
शहर का मालदास स्ट्रीट जहाँ मंगलवार को हत्याकांड हुआ था। सूना सूना नज़र आया। शहर के दुसरे हिस्सों में बाजार में रौनक और शांति नज़र आई। आज कर्फ्यू में ढील के दौरान शांति के बाद कल प्रशासन ने 10 घंटे यानि सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक कर्फ्यू में ढील देने का फैसला किया है। उम्मीद है सोमवार से शहरी जीवन पुनः पटरी पर लौट आएगा।






