कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया
लोगों को भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनना चाहिए
चीन में कोरोना महामारी के मामलों में एक बार फिर बढ़ोतरी को देखते हुए भारत सरकार भी अलर्ट हो गई हैं। देश में COVID-19 की स्थिति पर बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया की वरिष्ठ अधिकारियों और विशेषज्ञों के साथ बैठक की।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने कहा कि लोगों को भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोविड को लेकर हर हफ्ते समीक्षा बैठक होगी। त्योहार और पार्टी पर फिलहाल कोई प्रतिबंध नहीं है। हालांकि पहले से किसी बीमारी से जुझ रहे बुजुर्गों को बूस्टर डोज लेने की सलाह दी गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि देश से कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है। मांडविया ने ये भी कहा कि संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने और निगरानी मजबूत करने का निर्देश दिया गया है। हम किसी भी स्थिति का मुकाबला करने के लिए तैयार हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों को अलर्ट भेजा है। सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को एडवाइजरी जारी की, इसमें कहा गया है कि नए कोविड पॉजिटिव मरीजों का सैंपल जीनोम टेस्टिंग के लिए भेजा जाए, ताकि वहां इस सैंपल का जिनोम सीक्वेंसिंग हो सके और अगर कोरोना का कोई नया वैरिएंट पनपता है तो उसे ट्रैक किया जा सके। इन दिनों चीन, जापान, अमेरिका, कोरिया और ब्राजील में कोरोना के केस तेजी से बढ़ रहे हैं।