मावली विधायक ने उड़नदस्ते को वसूली करते पकड़ा

इंस्पेक्टर ने गार्ड को भगाया

 | 
dharamnarayan joshi

भीलवाड़ा के बाहर हजारीखेड़ा हाईवे बाइपास पर बुधवार रात जहां हादसा हुआ, वहां दो दिन पहले ही उदयपुर के मावली विधायक धर्मनारायण जोशी ने  आरटीओ उड़नदस्ते के गार्ड को वसूली करते हुए पकड़ लिया था। वहीं मौजूद महिला आरटीओ इंस्पेक्टर चंचल माथुर को गार्ड की जेबों की चेकिंग करवाने को कहा तो गार्ड पैदल मौके से भाग खड़ा हुआ। 

आरटीओ के उड़नदस्ते पर अवैध वसूली के आरोप पहली बार नहीं लगे हैं। करीब चार साल पहले प्रतापगढ़ के तत्कालीन जिला जज राजेन्द्र शर्मा एक बार और चित्तौड़गढ़ के बेगूं विधायक राजेन्द्रसिंह विधूड़ी दो बार आरटीओ उड़नदस्ते को वसूली करते हुए पकड़ने के साथ ही उच्चाधिकारियों तक शिकायत कर चुके हैं। इसके बावजूद इस पॉइंट पर वसूली बदस्तूर चालू है। 

मावली विधायक जोशी और उनके मित्र भाजपा नेता विजयप्रकाश विप्लवी 21 जून को शाम करीब चार बजे जयपुर से उदयपुर जा रहे थे। इस दौरान उन्होंने यहाँ उड़नदस्ते में शामिल गार्ड को ट्रक ड्राइवर से वसूली करते देखकर अपनी गाड़ी रोक दी। ड्राइवर ने भी वसूली करने के बावजूद रसीद नहीं देने की बात कही। 

विधायक जोशी ने मौके पर मौजूद महिला आरटीओ इस्पेक्टर को बुलाकर इसके बारे में बताते हुए ड्राइवर से राशि की वसूली के चालान की रसीद मांगी तो उड़नदस्ता बगले झांकने लगा। जोशी ने गार्ड को उसकी जेब चेक करवाने को कहा तो वह जवाब देने या तलाशी देने के बजाय मौके से भागने लगा। विधायक के सहयोगियों ने कुछ दूर पीछा भी किया, लेकिन वह चकमा देकर पुर की ओर स्थित सर्विस रोड पर भाग निकला।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News