पन्नाधाय मूर्ति अनावरण कार्यक्रम 30 अगस्त को

पन्नाधाय मूर्ति अनावरण कार्यक्रम 30 अगस्त को

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे लोकार्पण

 
UMC
नेता प्रतिपक्ष कटारिया एवं केंद्रीय राज्य मंत्री गुर्जर भी रहेंगे उपस्थित

उदयपुर। नगर निगम उदयपुर द्वारा निर्मित प्रसिद्ध पन्नाधाय पार्क में मां पन्नाधाय की मूर्ति अनावरण कार्यक्रम 30 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। नगर निगम महापौर गोविंद सिंह टाक ने बताया कि गोवर्धन सागर किनारे नगर निगम द्वारा निर्मित प्रसिद्ध पन्नाधाय पार्क में मां पन्नाधाय की मूर्ति अनावरण कार्यक्रम 30 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। मूर्ति का अनावरण भारत सरकार में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विद्युत एवं भारी उद्योग मंत्रालय में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया के कर कमलों द्वारा किया जाएगा। 

नगर निगम उप महापौर एवं स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष पारस सिंघवी ने बताया कि पिछले बोर्ड में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया के निर्देश पर गोवर्धन सागर किनारे स्थित भूखंड पर पार्क का निर्माण किया गया था और उन्ही के निर्देश पर ही पार्क का नाम मेवाड़ में त्याग की अलख जगाने वाली और मेवाड़ भूमि के लिए अपने सामने अपने ही अपने बेटे को शहीद होते हुए देखने वाली पन्नाधाय के नाम पर रखने का निर्णय लिया गया। इसी के साथ पार्क में मां पन्नाधाय की विशाल प्रतिमा लगाने के निर्देश भी दिए गए थे। 

निर्देश की पालना में नगर निगम द्वारा पूरे पार्क को उसी अनुरूप तैयार करवाया गया है। पार्क का कार्य पूर्ण होने के पश्चात पन्नाधाय की मूर्ति भी लग चुकी है। अब इसके अनावरण हेतु नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया द्वारा दिल्ली में भारत सरकार के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर उनको निमंत्रण दिया गया। सिंह द्वारा निमंत्रण को स्वीकार कर 30 अगस्त का समय दिया गया है, इसी के साथ प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में विद्युत एवं भारी उद्योग मंत्रालय में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर भी उपस्थित रहेंगे। 

मेवाड़ी इतिहास में सबसे प्रमुख है पन्नाधाय

नगर निगम उपमहापौर एवं स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष पारस सिंघवी ने बताया कि मेवाड़ के इतिहास में पन्ना धाय का नाम प्रमुखता से लिया जाता है। यदि पन्नाधाय नहीं होती तो शायद मेवाड़ का इतिहास भी नहीं होता। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के पिताजी उदय सिंह जी को मारने जब बनवीर आया था तब मेवाड़ के लिए पहली कुर्बानी पन्नाधाय ने अपने बेटे चंदन की दी थी। इस घटना के केवल सोचने मात्र से ही हमारी आत्मा सिहर उठती है तो उस समय पन्नाधाय ने अपने बेटे की कुर्बानी कैसे दी होगी। 

नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया भी कई बार अपने उद्बोधन में मां पन्नाधाय एवं चंदन का जिक्र करते हुए रुहासे हो जाते है। यदि पन्नाधाय ने उस समय उदयसिंह के स्थान पर चंदन को नहीं सुलाया होता तो मेवाड़ का इतिहास भी नहीं होता। एक मां द्वारा अपनी मातृ भूमि के रक्षार्थ हेतु अपने बेटे की कुर्बानी का उदहारण विश्व में कहीं भी देखने को नहीं मिलेगा। 

उदयपुर के सभी शहरवासियों को भी किया आमंत्रित

नगर निगम महापौर गोविंद सिंह टाक ने  मेवाड़ की पुण्य धरा उदयपुर में पन्नाधाय की भव्य प्रतिमा के लोकार्पण कार्यक्रम के शुभ अवसर पर उदयपुर के सभी शहरवासियों को भी आमंत्रित किया है। प्रतिमा अनावरण का कार्यक्रम 30 अगस्त को सायं 5 बजे आयोजित किया जाएगा।
 

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal