दीपावली मेला की तैयारी प्रारंभ

दीपावली मेला की तैयारी प्रारंभ

आतिशबाजी स्टॉल के टैंडर जारी

 
UMC
दीपावली मेले में प्रथम दो दिन स्थानीय प्रतिभाओ को मिलेगा मौका स्थानीय प्रतिभाओं से मांगे आवेदन

उदयपुर 29 सितंबर 2022 । कोरोना महामारी के चलते 2 वर्ष बाद आयोजित किया जा रहा प्रसिद्ध दीपावली मेला नगर निगम द्वारा इस वर्ष बड़ी धूमधाम से मनाने का तय किया है। जिसको लेकर निगम ने अपने स्तर पर तैयारियां प्रारंभ कर दी है। मेले में भाग लेने वाली स्थानीय प्रतिभाओं सहित आतिशबाजी स्टॉल के आवेदन भी मंगवा दिए हैं।

नगर निगम सांस्कृतिक समिति अध्यक्षा चंद्रकला बोल्या ने बताया कि महापौर गोविंद सिंह टाक एवं उप महापौर पारस सिंघवी के निर्देश पर नगर निगम द्वारा आयोजित होने वाले दीपावली मेले की तैयारियां प्रारंभ करवा दी है। निगम परिसर में लगने वाला मेला इस वर्ष भी 15 दिन का आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रथम 2 दिन स्थानीय प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से उन्हें मौका दिया जाएगा जिससे वो अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित कर सके।

मेले में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम के प्रथम दो दिन 15 व 16 अतुंबर को स्थानीय प्रतिभाओं द्वारा नृत्य, संगीत कार्यक्रम प्रस्तुत किये जायेंगें। इसमें भाग लेने वाले इच्छुक प्रतिभागी / कलाकार जिनकी आयु 12 वर्ष से 40 वर्ष के मध्य हो वे दिनांक 01 अक्टूबर से 05 अक्टूबर तक नगर निगम की राजस्व शाखा से आवेदन निःशुल्क प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन पत्र 8 अक्टूबर को सायं 4.00 बजे तक जमा कराने होंगे। इसके पश्चात आए आवेदन पर विचार नही किया जाएगा। चयनित प्रतिभागियों को नगर निगम द्वारा पृथक से सूचित किया जायेगा। भाग लेने वाले इच्छुक प्रतिभागी निर्धारित दिनांक तक अपने आवेदन आवश्यक रूप से जमा करावे, निर्धारित समयावधि समाप्ति पश्चात् आवेदन स्वीकार नहीं किये जायेंगें।

आतिशबाजी स्टॉल के किए टेंडर

नगर निगम द्वारा लगने वाली आतिशबाजी स्टाल के टेंडर जारी कर दिए हैं। राजस्व समिति अध्यक्ष अरविंद जारोली ने बताया कि नगर निगम उदयपुर सीमान्तर्गत दीपावली पर्व 2022 में अस्थायी आतिशबाजी स्टॉल हेतु आवेदन पत्र कार्यालय नगर निगम उदयपुर द्वारा दिये जा रहे है, 

इसके पश्चात् अनुज्ञा अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर) कार्यालय द्वारा दी जायेगी। इच्छुक व्यक्ति निर्धारित आवेदन पत्र 1000/- शुल्क नगद जमा कर 29 सितंबर एवं 30 सितंबर को कार्यालय समय तक प्राप्त कर सकते है। 6 अक्टूबर सांय 5 बजे तक कार्यालय समय में आवेदन फार्म जमा करवाना होगा। फॉर्म के साथ पहचान पत्र अनुज्ञा शुल्क राशि 4510 /- रुपये का डी.डी. आयुक्त नगर निगम उदयपुर के नाम संलग्न कर जमा करवाना अनिवार्य होगा। पूर्व की भांति इस वर्ष भी लवकुश इण्डोर स्टेडियम के पास लगभग 42 अस्थायी स्टॉल का आवंटन किया जाएगा। निगम / प्रशासन द्वारा अपने स्तर पर स्टॉलों की संख्या कम अथवा अधिक कर सकते है। आवेदन पत्रों की लॉटरी 10 अक्टूबर को 11 बजे नगर निगम कार्यालय में रखी जायेगी।

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal