रमज़ान का पवित्र माह शुरू, पहला रोज़ा कल से रखेगा बोहरा समुदाय

मस्जिदों में तैयारियां शुरू 

 | 
ramzan 2022

उदयपुर 1 अप्रैल 2022। पवित्र माह रमजान का महीना दाऊदी बोहरा समुदाय के कैलेंडर के अनुसार कल 2 अप्रैल 2022 बरोज़ शनिवार को शुरू होगा। इस माह में समाजजन पूरे महीने के रोज़े रख कर सभी पांचो वक्त की नमाज़ मस्जिदों में अदा करते है। इस माह में मस्जिदों में नमाज़ियों की चहल पहल और इफ्तारी के समय मुस्लिम मोहल्लो की रौनक पूरे परवान पर होती है। हालाँकि दो साल से कोरोना के कारण यह रौनक मस्जिद और मोहल्ले से निकल कर घरो में ही सिमट गई थी।

बोहरा समुदाय कल 2 अप्रैल 2022 से पहले रोज़े से रमज़ान करीम का आगाज़ करेगा। कल से आगामी 30 दिनों तक समाजजन रोज़े और इबादत में मशगूल रहेंगे। रमज़ान की आमद को लेकर सभी मस्जिदों में नमाज़ और इबादत की तैयारियां शुरू हो गई है। 

दाऊदी बोहरा जमात के प्रवक्ता मनसूर अली ओड़ावाला ने बताया की रसूलपुरा, वजीहपुरा, मोहियदपुरा, खानपुरा, चमनपुरा, खांजीपीर, खारोल कॉलोनी और पुला स्थित हॉल में प्रतिवर्ष की भांति रमज़ान की नमाज़ अदा की जाएगी। इस माह में लोग रोज़े, इबादत, ज़कात और सदका (दान) देने का विशेष महत्व है। 

शिया दाउदी बोहरा समाज के अकीदतमंद 2 अप्रेल को अपना पहला रोजा रखेंगे। 1 अप्रेल शुक्रवार को मगरिब की नमाज से ही रमजान माह की इबादत की शुरुआत हो जाएगी । समाज प्रवक्ता डॉ बी मूमिन ने बताया कि अनेकों अकीदतमंद मध्य रात्रि में उठ कर इबादत कर्म करेंगे ।

उल्लेखनीय है की रमज़ान माह में 22 तारीख यानि 23 अप्रैल 2022 को लैलतुल कद्र की रात मानी जाएगी जबकि आखिरी जुमा यानि जुमातुल विदा 28 रमज़ान (29 अप्रैल 2022) को मनाया जायेगा। 30 रोज़े पूरे होने पर ईद उल फ़ित्र का त्यौहार सोमवार 2 मई 2022 को मनाया जायेगा।  

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News