विश्व पर्यावरण दिवस पर “रन फॉर एनवायरमेंट” का आयोजन

विश्व पर्यावरण दिवस पर “रन फॉर एनवायरमेंट” का आयोजन

सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग न करने का दिया सन्देश

 
e

उदयपुर 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजस्थान राज्य प्रदूषण मंडल क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से “ओनली वन अर्थ” की थीम पर रन फॉर एनवायरमेंट का आयोजन किया गया। जिला कलक्टर ताराचंद मीणा ने हरी झंडी दिखा कर रन फॉर एनवायरमेंट को रवाना किया।
रन फॉर एनवायरमेंट में प्रतिभागी सिंगल यूज़ प्लास्टिक का सर्वथा त्याग करने एवं इसका उपयोग न करने का सन्देश देते हुए शिल्पग्राम से रानी रोड होते हुए शौर्यगढ़ होटल पहुंचे जहाँ रन का समापन हुआ। रन में विभिन्न ग्रुप्स के बड़ी संख्या में प्रतिभागी शामिल होने के लिए पहुंचे। पर्यावरण संरक्षण के प्रति रन फॉर एनवायरमेंट में शामिल होने पहुंचे प्रतिभागियों की इतनी बड़ी संख्या को देख कलक्टर भी गद् गद् दिखे। राजस्थान राज्य प्रदूषण मंडल क्षेत्रीय कार्यालय के संभागीय अधिकारी शरद सक्सेना, पायल पंचोली सहित बड़ी संख्या में विभागीय अधिकारी—कर्मचारी मौजूद रहे।

सिंगल यूज प्लास्टिक से बचें : कलक्टर
जिला कलक्टर ताराचंद मीणा ने इस दौरान विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आमजन को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और कहा कि 1 जुलाई से जिले में सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाया जा रहा है ऐसे में हर व्यक्ति सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग न करने से बचे। उन्होंने पर्यावरण सुरक्षा की दृष्टि से सरकार के इस निर्णय की अनुपालना करने और अपना सकारात्मक योगदान देने की भी अपील की।
इस दौरान एडीएम (प्रशासन) ओ पी बुनकर, एडीएम (शहर) प्रभा गौतम, उप वन संरक्षक डी के तिवाड़ी सहित विभिन्न औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। रन को रवाना करने से पूर्व कलक्टर मीणा ने जनजागरूकता के लिए आगामी 1 जुलाई से प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबन्ध पर प्रकाशित किए गए पोस्टर का विमोचन भी किया।

पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का सन्देश
राज्य निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सुबह जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) ताराचंद मीणा ने कलेक्ट्रेट परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का सन्देश दिया। इसके बाद एडीएम (प्रशासन) ओ पी बुनकर, एडीएम (शहर) प्रभा गौतम एवं उप वन संरक्षक मुकेश सैनी सहित अन्य अधिकारियों ने ईवीएम वेयरहाउस गुलाब बाग़ परिसर में पौधारोपण किया। इस मौके पर जिला कलक्टर मीणा ने आमजन से भी आगामी मानसून के मध्यनजर अधिकाधिक पौधारोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की है।

5 जून 1974 को मनाया गया था पहला विश्व पर्यावरण दिवस
विश्व पर्यावरण दिवस पर्यावरण की सुरक्षा और संरक्षण हेतु पूरे विश्व में मनाया जाता है। इस दिवस को मनाने की घोषणा संयुक्त राष्ट्र ने पर्यावरण के प्रति वैश्विक स्तर पर राजनीतिक और सामाजिक जागृति लाने हेतु वर्ष 1972 में की थी। इसे 5 जून से 16 जून तक संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा आयोजित विश्व पर्यावरण सम्मेलन में चर्चा के बाद शुरू किया गया था। 5 जून 1974 को पहला विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया।

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal